खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत असारीवाड़ा, नयागांव में सोमवार, 30 नवंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। अलख नयन मंदिर नेत्र संस्थान, उदयपुर एवं जिला अंधता निवारण समिति, उदयपुर के आर्थिक सहयोग से आयोजित इस शिविर में आंखों की जांच से लेकर मोतियाबिंद के ऑपरेशन तक की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत भवन असारीवाड़ा में होगा। मरीजों का पंजीकरण सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित सहायकों की ओर से मरीजों की आंखों की जांच और उपचार किया जाएगा।

शिविर में आंखों की जांच के साथ बीपी एवं शुगर की जांच भी निःशुल्क होगी। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का चयन कर उन्हें अलख नयन मंदिर, उदयपुर में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के साथ चश्मे, दवाइयां एवं लेंस भी प्रदान किए जाएंगे।

आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान किया है।

कैंप कोऑर्डिनेटर कविश शर्मा ने बताया कि शिविर के आयोजन में सरपंच चंद्रिका खराड़ी, अर्पण सेवा संस्थान के प्रकाश सिंह एवं मुकेश मीणा का सहयोग रहेगा।

Tags: