तस्वीर में कमरे में फर्श पर बैठकर बैठक में भाग लेते लोग दिखाई दे रहे हैं।  

खेरवाड़ा में आजीविका ब्यूरो खेरवाड़ा सेंटर पर अरावली निर्माण मजदूर संगठन एवं उजाला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय शिकायत निवारण एवं जन पैरवी क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला का उद्देश्य समुदाय एवं संगठन के नेताओं की शिकायत निवारण, जन सुनवाई तथा विभागीय पैरवी संबंधी क्षमताओं को मजबूत करना रहा।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को प्रभावी शिकायत लेखन, समय-सीमा के महत्व तथा राजस्थान सम्पर्क पोर्टल के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही सामुदायिक समस्याओं को जन सुनवाई में प्रभावी ढंग से रखने तथा विभिन्न विभागों के समक्ष सामूहिक समस्याओं के समाधान के लिए पैरवी करने पर चर्चा की गई।

मनीषा पटेल एवं प्रभु लाल की उपस्थिति एवं भागीदारी में आयोजित शिविर में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और व्यावहारिक अभ्यासों में भाग लिया। जयपुर से सकील खान एवं उदयपुर से महेंद्र आहारी ने प्रतिभागियों को विशेष मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला का समापन समुदाय की समस्याओं को संगठित रूप से उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर पैरवी करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यशाला के माध्यम से शिकायत निवारण, जन सुनवाई और विभागीय स्तर पर सामूहिक समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखने की प्रक्रियाओं पर प्रतिभागियों की क्षमता संवर्धन पर जोर दिया गया।

Tags: