मावली नगर पालिका: अध्यक्ष पद के लिए भाजपा-कांग्रेस में फंसा पेंच
20 वार्डों में कांग्रेस के 10 और भाजपा के 9 पार्षद जीतने के बाद 1 निर्दलीय की भूमिका अहम, बाड़ाबंदी शुरू।
नगर पालिका मावली में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से राकेश मीणा और कांग्रेस से पुष्पा भील ने नामांकन दाखिल कर दिया है, लेकिन बोर्ड किसका बनेगा, इसे लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। नगर पालिका के 20 वार्डों के चुनावी गणित ने अध्यक्ष पद की तस्वीर को दिलचस्प बना दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका के कुल 20 वार्डों में कांग्रेस के पास 10 पार्षद हैं, जबकि भाजपा के पास 9 पार्षद हैं। एक पार्षद निर्दलीय है। अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 11 पार्षदों का है। ऐसे में कांग्रेस को बहुमत के लिए एक और भाजपा को दो पार्षदों के समर्थन की जरूरत है।
इस पूरे गणित में एकमात्र निर्दलीय पार्षद की भूमिका अहम हो गई है और वह किंगमेकर की स्थिति में पहुंच गया है। कांग्रेस खेमे का दावा है कि उनका बोर्ड बन रहा है, जबकि भाजपा खेमा भी निर्दलीय पार्षद के संपर्क में होने और क्रॉस वोटिंग की संभावना की बात कह रहा है।
ऐसे में अध्यक्ष पद का फैसला निर्दलीय पार्षद के रुख और पार्षदों की एकजुटता पर टिका हुआ है। फिलहाल दोनों ही दलों ने अपने-अपने पार्षदों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। 10-9 के इस गणित के बीच एक निर्दलीय पार्षद का रुख मावली नगर पालिका में बोर्ड गठन की दिशा तय कर सकता है।