तस्वीर में ग्रामीण और वन विभाग के कर्मी केरवाड़ा में उप स्वास्थ्य केंद्र के पास मिले 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।

खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत भाखरा क्षेत्र में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र के पास करीब 8 फीट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर के दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद फजले रब्बी के निर्देशन में वन रक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, ग्रामीण अमृत लाल कटारा एवं अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अजगर ढलान वाली जगह पर फंसा हुआ था। टीम ने सावधानी बरतते हुए रस्सी के सहारे उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और खुनादरी के जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग की टीम की सूझबूझ और तत्परता से अजगर को बिना किसी नुकसान के उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित पहुंचाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की।

Tags: