खेरवाड़ा: मोड़ मेवाड़ा कलाल समाज की बैठक, सामूहिक विवाह का संकल्प
बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, नियमों की पालना सुनिश्चित करने और प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने पर जोर दिया गया।
खेरवाड़ा के गोदावरी मंदिर परिसर में मोड़ मेवाड़ा कलाल समाज की बैठक में सामूहिक विवाह का संकल्प लिया गया।
खेरवाड़ा में मोड़ मेवाड़ा कलाल समाज सेवा संस्थान, डूंगरपुर की खेरवाड़ा इकाई ने सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने, सामाजिक नियमों की पालना सुनिश्चित करने और समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया। रविवार को गोदावरी मंदिर परिसर में इकाई प्रमुख पन्नालाल कलाल की अध्यक्षता में आयोजित आवश्यक बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में समाज के जनरल वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश कलाल मुख्य अतिथि तथा जनरल सभा अध्यक्ष भरत कलाल अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलन में खेरवाड़ा इकाई से अधिकाधिक वर-वधू का पंजीकरण करवाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने सामूहिक विवाह को सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और अनावश्यक खर्चों में कमी लाने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसका महत्व समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में समाज के निर्धारित नियमों की पालना परिवार एवं ग्राम स्तर पर सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। शुभ-अशुभ अवसरों पर सामाजिक मर्यादाओं का पालन करवाने के लिए इकाई के पंचों, महिला मातृशक्ति, युवाशक्ति, पदाधिकारियों और केंद्र से मनोनीत पंचों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही खेरवाड़ा इकाई के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं तथा सरकारी सेवाओं में चयनित एवं कार्यरत समाजबंधुओं की सूची तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। इसका उद्देश्य जनरल सभा की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में इन प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करना है।
बैठक में मातृशक्ति ने भी भागीदारी निभाई। महिलाओं से सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहयोग करने का आह्वान किया गया। इकाई के संरक्षक दिनेश, सह-संरक्षक मगन और वरिष्ठ युवा उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सहित पदाधिकारियों ने समाज की एकता, अनुशासन और प्रगति के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की अपील की।
बैठक का संचालन इकाई सचिव अजय कलाल ने किया। इस अवसर पर अरविंद शिशोद, भरत बंजारिया, देवीलाल पलसिया, बंशीलाल बंजारिया, जयप्रकाश अमझेरा, केवलचंद कटेवड़ी, आर.सी. बालेश्वर, यशवंत भुदर, कुरीचंद कटेवड़ी सहित इंदु देवी महुदरा एवं पुष्पा देवी कारछा उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए संकल्पों के माध्यम से समाज में सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने, सामाजिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित करने और प्रतिभाओं को सम्मानित कर आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।