14 साल से बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान, केलावाड़ा–कालकी माता से खुनादरी मार्ग के नवनिर्माण की मांग
खेरवाड़ा की सुलई ग्राम पंचायत में केलावाड़ा–कालकी माता से खुनादरी मुख्य मार्ग 14 वर्षों से बदहाल है। डामर उखड़ने से ग्रामीण परेशान हैं और अब बजट स्वीकृति व सड़क नवनिर्माण की मांग तेज हुई है।
तस्वीर में खेरवाड़ा का जर्जर मुख्य मार्ग दिखाई दे रहा है, जहां सड़क से डामर उखड़ने के बाद केवल कंक्रीट और पत्थर बिखरे हुए हैं।
खैरवाड़ा, उपखंड खेरवाड़ा की सुलई ग्राम पंचायत के राजस्व गांवों को जोड़ने वाला केलावाड़ा–कालकी माता से खुनादरी मुख्य मार्ग पिछले 14 वर्षों से विभागीय उपेक्षा का शिकार है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। सड़क से डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और कई स्थानों पर केवल कंक्रीट दिखाई दे रही है।
स्थानीय निवासी लोकेश खराड़ी ने बताया कि सड़क की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़क के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार स्थानीय पंचायत प्रशासन की ओर से पूर्व में भी सड़क की समस्या से सरकार और संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया था। साथ ही सड़क के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग भी की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और प्रशासन से सड़क की स्थिति का शीघ्र निरीक्षण करवाकर बजट स्वीकृत करने तथा मार्ग का नवनिर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए इसकी अनदेखी जनहित में उचित नहीं है।