कानोड राजकीय बालिका स्कूल में कन्या पूजन और डांडिया महोत्सव आयोजित
विद्यालय में अध्यापकों की कमी और जीर्ण-शीर्ण भवन की समस्या पर नगरपालिका अध्यक्ष ने सभी कमियां पूरी करने का आश्वासन दिया।
कानोड स्कूल में आयोजित डांडिया महोत्सव और कन्या पूजन कार्यक्रम में छात्राएं।
कानोड। उग्रसेन कुमारी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कानोड में शारदीय नवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कन्या पूजन समारोह और डांडिया नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक से नौ वर्ष तक की बालिकाओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं के बीच समूहवार डांडिया प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की संस्था प्रधान श्रीमती अर्चना राव ने की। मुख्य अतिथि परशुराम सोनी एवं रतन लाल लक्षककार रहे। विशिष्ट अतिथियों में स्थानीय नगरपालिका अध्यक्ष रोनक स्वर्णकार, वार्ड 5 के पार्षद विनोद जोशी, वार्ड 15 के पार्षद हितेश, अरुण भाणावत, शिव लाल प्रजापत और भगवती लाल छींपा शामिल हुए। विद्यालय के सभी शिक्षकों ने अतिथियों का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर तथा पगड़ी और उपरना पहनाकर स्वागत-सत्कार किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों ने मां शारदे एवं मां अम्बे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दीप प्रज्ज्वलन के बाद उपस्थित अतिथियों और अन्य गणमान्य नागरिकों ने एक से नौ वर्ष तक की बालिकाओं का विधि-विधान से कन्या पूजन किया। पूजन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद समूहवार डांडिया महोत्सव शुरू हुआ।
डांडिया प्रतियोगिता के लिए छात्राओं के चार समूह बनाए गए। प्रथम समूह में कक्षा 1 से 5 तक, द्वितीय समूह में कक्षा 6 से 8 तक, तृतीय समूह में कक्षा 9 से 10 तक और चतुर्थ समूह में कक्षा 11 से 12 तक की छात्राओं को शामिल किया गया। सभी समूहों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रत्येक समूह से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को विद्यालय की संस्था प्रधान श्रीमती अर्चना राव ने पारितोषिक वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रधान श्रीमती अर्चना राव ने विद्यालय की प्रमुख समस्याओं से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में अध्यापकों की कमी है और भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। इसके साथ ही विद्यालय में वाणिज्य, संस्कृत और कृषि विषय शुरू करवाने की आवश्यकता बताई, ताकि बालिकाओं को आगे की पढ़ाई के लिए अन्य विद्यालयों में नहीं जाना पड़े और वे इसी विद्यालय में रहकर अपना अध्ययन जारी रख सकें।
इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष रोनक स्वर्णकार और वार्ड 5 के पार्षद विनोद जोशी के समक्ष विद्यालय की प्रमुख समस्याएं रखी गईं। नगरपालिका अध्यक्ष और वार्ड पार्षद ने विद्यालय की समस्त कमियों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी स्टाफ साथियों ने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन केशव लाल शर्मा ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, अभिभावकों, SDMC/SMC सदस्यों और विद्यालय के सभी स्टाफ साथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।