कानोड के लक्ष्मीनारायण मंदिर में नवरात्रि के प्रथम दिन घट स्थापना के बाद अखंड मानस पाठ करते हुए पाठक।   

कानोड। नवरात्रि के प्रथम दिन कानोड नगर पालिका क्षेत्र और आसपास के इलाकों में मंदिरों व देवालयों में घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय साधना की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन कर मंगल कामना की। कई साधक पैरों में पदवेश त्यागकर नंगे पैर चलते दिखाई दिए। इसी क्रम में नगर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में मानस पाठ का आयोजन शुरू हुआ है।

मानस पाठ आयोजन समिति के संयोजक डॉ. औमेन्द्र व्यास ने बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों तक चौबीसों घंटे चौबीस पाठकों द्वारा मानस पाठ किया जाएगा। इनमें कई ऐसे पाठक भी शामिल हैं, जो वर्षों से नवरात्रि के अवसर पर लक्ष्मीनारायण मंदिर में मानस पाठ करने आते हैं।

नवरात्रि के नियमित पाठक दीपक शर्मा ने बताया कि शुभ मुहूर्त में मानस पाठ की शुरुआत की गई। पहले दिन बालकांड में भगवान राम के जन्म के विविध कारणों का गायन करते हुए पाठ किया गया। इस दौरान पाठकों ने शिव-पार्वती संवाद सहित अनेक प्रसंगों की चौपाइयों का लयबद्ध गायन किया।

नगर में नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गरबा कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर के साथ ही चौबीसा सदन में गरबा पंडाल में गरबा कार्यक्रम हो रहे हैं। वहीं धर्मराज मंदिर में प्रतिमा का विशेष शृंगार कर देव उपासना की जा रही है। घट स्थापना, अखंड मानस पाठ और गरबा आयोजनों के माध्यम से कानोड में नवरात्रि के नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई है।

Tags: