चामुंडा माता शक्तिपीठ कानोड़ में घट स्थापना और भव्य श्रृंगार
कानोड़ के चामुंडा माता शक्तिपीठ में घट स्थापना के साथ धार्मिक आयोजन शुरू, प्रतिमाओं का हुआ भव्य श्रृंगार।
तस्वीर में कानोड़ के प्रसिद्ध चामुंडा माता शक्तिपीठ में घट स्थापना के अवसर पर माता और अन्य देवी-देवताओं का किया गया भव्य आंगी श्रृंगार।
कानोड़। नगर के प्रसिद्ध चामुण्डा माता शक्तिपीठ में घट स्थापना के साथ माता की आराधना शुरू हो गई। मंदिर में माता की प्रतिमा सहित भैरवनाथ, हनुमानजी और खाकलदेव जी की प्रतिमाओं का भव्य आंगी श्रृंगार किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान घट स्थापना, जवारा की वाड़ी स्थापना और आरती के बाद माता की सवारी आने पर उपस्थित भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
रविवार की शाम 8.15 बजे मंदिर परिसर में घट स्थापना कर जवारा की वाड़ी स्थापित की गई। इसके बाद माता, भैरवनाथ, खाकलदेव और हनुमानजी की आरती की गई। आरती के पश्चात सेवक प्यारे लाल रावत को माता की सवारी आई। इस दौरान मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों को माता ने आशीर्वाद प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार, शक्तिपीठ पर नवमीं के अवसर पर 19 अक्टूबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं, दशहरा 20 अक्टूबर को दोपहर 4 बजे से हवन में आहुतियां दी जाएंगी। इसी दिन शाम 6 बजे माता की सवारी सरवर स्नान के लिए निकलेगी।
दशहरे के अवसर पर माता मंदिर के मेला प्रांगण में दो दिवसीय रावण मेले का आयोजन भी किया जाएगा। 20 अक्टूबर को रात्रि में भव्य आतिशबाजी के बाद रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा। घट स्थापना के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजनों के तहत चामुण्डा माता शक्तिपीठ पर भजन संध्या, हवन, माता की सवारी और रावण दहन सहित विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।