कानोड़ में भीषण गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित, बारिश का इंतजार
राजस्थान के कानोड़ में तेज गर्मी के कारण बाजार और जनजीवन पर असर पड़ा है। स्थानीय लोग अच्छी बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
कानोड़। गुरुवार को नगर क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में रहा। सुबह से ही तेज गर्मी का असर बना रहा और सांयकाल तक नगरवासी उमस व तपिश से बेहाल रहे। गर्मी के कारण सुबह 11 बजे से ही बाजार सूने पड़ गए और जनजीवन प्रभावित रहा।
सायंकाल होते-होते आसमान में काले घने बादल उमड़-घुमड़ कर छा गए और पूरे आसमान पर डेरा डाल लिया। बादलों को देखकर लोगों को उम्मीद जगी कि इस बार अच्छी बरसात होगी, लेकिन बादलों ने केवल दो-चार बूंदें गिराकर नागरिकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
नगर क्षेत्र में अच्छी बारिश की प्रतीक्षा लगातार बनी हुई है। बारिश नहीं होने से लोगों की चिंता बढ़ रही है। इधर, अच्छी वर्षा की कामना को लेकर नागरिक इन्द्र देव को प्रसन्न करने के लिए विभिन्न जतन कर रहे हैं। गर्मी और बादलों की आंख-मिचौली के बीच नगरवासी अब भी अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।