एकलव्य विद्यालय की टीम ने राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता जीती
खेरवाड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की रोशनी खलवा टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
खेरवाड़ा में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में अतिथियों द्वारा विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की जा रही है।
खेरवाड़ा। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस), खेरवाड़ा में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (आंचलिक स्तर) 2025-26 में मध्य प्रदेश की ईएमआरएस रोशनी, खलवा टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में ईएमआरएस कालसी (देहरादून, उत्तराखंड) तथा ईएमआरएस छोटेडोंगर (नारायणपुर, छत्तीसगढ़) की टीमों ने भी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
समापन समारोह में संसदीय कार्य मंत्रालय के अपर सचिव शरद द्विवेदी, नेस्ट्रस कंसल्टेंट एस. के. माहेश्वरी तथा स्टेट सोसायटी के उप प्रबंधक एस. एल. गर्ग ने विजेता टीम को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं की जानकारी देते हुए लोकतंत्र में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्राचार्य राघवेंद्र मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तार्किक अभिव्यक्ति तथा संसदीय प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने प्रतियोगिता की सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों, अतिथियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने, संसदीय कार्यप्रणाली से जुड़ने तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी मंच प्रदान करती हैं।