तस्वीर में कनबई पाटिया क्षेत्र की खस्ताहाल सड़क पर फैला कीचड़ और मलबा नजर आ रहा है, जहां वाहनों के टायरों के गहरे निशान बने हुए हैं।

खेरवाड़ा क्षेत्र की कनबई पाटिया की खस्ताहाल सड़क को दुरुस्त करने के नाम पर किए गए कार्य को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। क्षतिग्रस्त डामर सड़क की मरम्मत करने के बजाय सड़क पर मलबा और मिट्टी बिछा दिए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।

हाल ही में किए गए इस कार्य के बाद सड़क पर फैला मलबा बारिश के पानी के साथ कीचड़ में तब्दील हो गया है। कनबई, सुखापाड़ा, काकरा डूगरा और डबायचा क्षेत्र में सड़क की स्थिति अधिक खराब हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गड्ढों को भरने के नाम पर अत्यधिक मिट्टी और मलबा डाल दिया गया, जिससे दोपहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई वाहन चालकों को फिसलन के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसे की आशंका बनी हुई है।

सड़क पर मलबा और कीचड़ फैलने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पहले से ही बदहाल थी, लेकिन अब मलबे और कीचड़ के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। छोटे वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सड़क पर डाले गए मलबे को तत्काल हटाने की मांग की है।

सड़क की दुर्दशा को लेकर पंचायत समिति सदस्य ललित डामोर, भरत डामोर, प्रवीण, मणिलाल, कैलाश, संजय कलासुआ, सतीश, लक्ष्मण, शैलेश और अजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क से मलबा हटाकर स्थायी रूप से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर चक्का जाम और उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी। कनबई पाटिया सड़क पर मरम्मत के नाम पर डाले गए मलबे से बढ़ी परेशानी अब ग्रामीणों के आक्रोश और आंदोलन की चेतावनी तक पहुंच गई है।

Tags: