उदयपुर में 26 अक्टूबर से श्री सदगुरू कबीर चरितम कथा, सुहालका भवन में सात दिवसीय आयोजन
काशी के धर्माधिकारी श्री सुधाकर दास जी के श्रीमुख से कथा सुनने उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों से जुटेंगे श्रद्धालु।
उदयपुर के सेक्टर 14 स्थित सुहालका भवन में 26 अक्टूबर से आयोजित होने वाले श्री सदगुरू कबीर चरितम कथा सप्ताह का आधिकारिक पोस्टर, जिसमें कथावाचक परम पूज्य श्री सुधाकर दास जी साहब एवं कार्यक्रम की प्रमुख जानकारियां दी गई हैं।
उदयपुर। शहर में श्री सदगुरू कबीर चरितम कथा सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सेक्टर 14 स्थित सुहालका भवन में किया जाएगा। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में काशी लहरतारा धाम के प्रख्यात धर्माधिकारी परम पूज्य श्री सुधाकर दास जी साहब के श्रीमुख से सदगुरु कबीर साहेब की कथा का श्रवण करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर कबीरपंथी समाज में उत्साह है और तैयारियों के लिए नियमित बैठकें की जा रही हैं।
खेरादीवाडा स्थित कबीर ज्ञान आश्रम में महंत श्री तपसी दास जी के सानिध्य में आयोजित बैठक में भंवर लाल सुहालका एवं लोकेश चौधरी ने बताया कि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सुहालका भवन, सेक्टर 14 में कथा सप्ताह आयोजित होगा। कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं को परम पूज्य श्री सुधाकर दास जी साहब के श्रीमुख से सदगुरु कबीर साहेब की कथा सुनने का अवसर मिलेगा।
यह आयोजन महंत तपसीदास जी के सानिध्य में सदगुरु कबीर धर्मदास साहेब कमलदास साहेब कबीरपंथी संस्था, उदयपुर के तत्वावधान में किया जाएगा। कार्यक्रम में उदयपुर शहर के साथ आसपास के गांवों एवं शहरों से संत-महंत और भक्तगण सम्मिलित होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर नियमित बैठकें की जा रही हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 26 अक्टूबर को सविना स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर से होगा। सुबह 9 बजे ग्रंथ यात्रा निकाली जाएगी, जो सुहालका भवन, सेक्टर 14 पहुंचेगी। इसके बाद ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कथा का शुभारंभ किया जाएगा।
सात दिवसीय कथा में कबीरपंथी समाज के साथ सनातनी समाज के श्रद्धालु भी शामिल होकर कथा का आनंद ले सकेंगे। आयोजन के माध्यम से सदगुरु कबीर साहेब के प्रसंगों को श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।