संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लेख के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और 2047 के लक्ष्य पर विचार साझा किए।

संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख साझा किया है, जिसमें उन्होंने भारतीय संविधान की ताकत, सामाजिक और आर्थिक न्याय, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा बीते वर्षों में हुए ऐतिहासिक बदलावों का विस्तार से जिक्र किया है। अपने लेख में पीएम मोदी ने जहां एक ओर सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर देश की सेवा करने के अपने अनुभव को संविधान की देन बताया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और विपक्ष पर संविधान की भावना को ठेस पहुंचाने, आपातकाल, अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग जैसे विषयों को लेकर तीखे सवाल भी खड़े किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘कर्तव्य भाव’ को मार्गदर्शक मंत्र बताया है।

संविधान निर्माताओं का स्मरण और संविधान दिवस की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख की शुरुआत 26 नवंबर 1949 की उस ऐतिहासिक घड़ी को याद करते हुए की है, जब संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था। उन्होंने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि उन्होंने आधुनिक संवैधानिक ढांचे को गढ़ते हुए भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यताओं के अनुभवों को उचित स्थान दिया।

पीएम मोदी के अनुसार, भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में जहां अलग-अलग पंथ, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचार परंपराएं मौजूद हैं—वहां यह बेहद जरूरी है कि संविधान की गूंज केवल संसद या अदालतों की दीवारों तक सीमित न रहे, बल्कि आम लोगों की चेतना और खासकर युवाओं के मन से गहराई से जुड़े। उन्होंने कहा कि इससे राष्ट्रीय एकता की भावना और मजबूत होती है, जो देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए एक दशक पहले उनकी सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था।

सामान्य जीवन से लोकतंत्र की सेवा तक का सफर

अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि संविधान उनके और करोड़ों देशवासियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। बचपन के साधारण हालात और संघर्षों के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान के प्रति उनका मन कृतज्ञता से भर जाता है। उन्होंने लिखा कि एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बच्चा, जिसके पास न कोई विरासत थी और न ही कोई विशेषाधिकार, यदि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभाल सकता है, तो यह संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है।

उनके शब्दों में, आज किसी भी व्यक्ति के भविष्य की सीमाएं उसके जन्म की परिस्थितियों से तय नहीं होतीं, और यह संविधान की ही देन है। पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने विनम्र प्रयासों के जरिए संविधान को और अधिक सशक्त बनाकर इस कृतज्ञता का ऋण चुकाने का प्रयास किया है।

सामाजिक व आर्थिक न्याय और जनकल्याणकारी कदम

लेख में प्रख्यात संवैधानिक विशेषज्ञ ग्रैनविले ऑस्टिन का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने संविधान को ‘फर्स्ट एंड फोरमोस्ट अ सोशल डॉक्यूमेंट’ कहा था। संविधान की मूल भावना में सामाजिक और आर्थिक न्याय निहित है और संविधान निर्माताओं के इस सपने को जमीन पर उतारना संतोषजनक है। उन्होंने विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि भारत में लगभग 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं।

प्रधानमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि जब पीढ़ियों से अभाव झेल रहे माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना देख पाते हैं, तो बदलाव महसूस होता है। प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का घर मिलने पर गरिमापूर्ण जीवन का संकल्प पूरा होता है, जबकि उज्ज्वला योजना से माताओं को रसोई के धुएं से राहत मिलती है। इसी तरह आयुष्मान भारत गरीब परिवारों को कर्ज की चिंता के बिना उपचार उपलब्ध कराता है, वहीं मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि छोटे उद्यमियों व रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी ऋण देकर आर्थिक न्याय को मजबूत करते हैं। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी, रूपे कार्ड और यूपीआई तक हर नागरिक की पहुंच ने समावेशिता के आदर्श को आगे बढ़ाया है, जिसे पहले कुछ विशेषाधिकार प्राप्त लोगों तक सीमित रखा गया था।

प्रमुख संविधान संशोधन और नए बदलाव

सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि 101वें संविधान संशोधन ने जीएसटी जैसे सुधार का मार्ग प्रशस्त किया, जिसकी लंबे समय से प्रतीक्षा थी। 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला, जिससे वंचित वर्गों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। वहीं 103वें संविधान संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई, जिससे उन समुदायों को लाभ मिला जो पहले आरक्षण के दायरे से बाहर थे और आर्थिक रूप से वंचित परिवारों की आकांक्षाओं को बल मिला।

जनसामान्य तक संविधान की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है। साथ ही, 1860 के दशक में औपनिवेशिक दौर में बनी दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करके आपराधिक न्याय प्रणाली में बुनियादी बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था में जहां दंड पर जोर था, वहीं भारतीय न्याय संहिता नागरिक-केंद्रित व्यवस्था और न्याय पर केंद्रित है।

कर्तव्य भावना और इतिहास के विवादित अध्याय

बीते एक दशक में नागरिकों के कर्तव्यों पर दिए गए जोर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय परंपरा में हर व्यक्ति को उसकी जिम्मेदारियों का बोध कराने की रीति रही है। स्वच्छ भारत, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे जन आंदोलनों में कर्तव्य की यही भावना दिखाई दी है।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने इतिहास के उन पहलुओं का भी जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने संविधान को कमजोर करने वाले कदम बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी थी, उन्हीं में से कुछ ने इसे कमजोर करने का रास्ता चुना और उन्हें पांच दशकों तक शासन करने का अवसर मिला। लेख के अनुसार, 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं और वह संशोधन बिना जनमत वाली सरकार ने अंतरिम संसद में बहुमत के बल पर पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले किया था, जिसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और विरोध की आवाज दबाना था।

पीएम मोदी ने यह भी लिखा कि आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, जिसने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की और संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को बदला। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने अनुच्छेद 356 के बार-बार इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कहा कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब सौ बार इसके प्रयोग का रिकॉर्ड है और एक पूर्व प्रधानमंत्री ने इस मामले में अर्धशतक लगाया। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक समय तक अनुच्छेद 370 और 35-ए के कारण जम्मू-कश्मीर में पूरा संविधान लागू नहीं हो सका, जिससे एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए, और 2019 में इस स्थिति का अंत हुआ।

नक्सलवाद का खात्मा, विपक्ष पर टिप्पणी और 2047 का संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में कहा कि दशकों तक खासकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलवाद ने गरीबों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा, लेकिन इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है। उनके अनुसार, अब गरीब से गरीब व्यक्ति बिना भय के अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग कर सकता है, हालांकि हथियारबंद नक्सलियों के समाप्त होने के बाद अब केवल ‘दिमागी नक्सली’ बचे हैं जो विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिश में लगे हैं।

लेख में पीएम मोदी ने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है, जबकि संविधान निर्माता और विशेषकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इसके पूरी तरह खिलाफ थे। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष की शुरुआत में विधायी संस्थाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने वाले विधेयक को पारित न होने देकर विपक्ष के एक प्रमुख दल ने निराश किया, लेकिन महिलाओं को न्याय दिलाने का संकल्प अडिग है। उन्होंने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी को विरोध पक्ष के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना संवैधानिक जिम्मेदारियों का विकल्प नहीं हो सकता।

अंत में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ा है और 2047 तक विकसित भारत के सामूहिक प्रयासों को दो मंत्र—सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ और हर कार्य में ‘कर्तव्य भाव’ दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान से शक्ति लेते हुए और इन मंत्रों को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।