दलाई लामा और तिब्बती समुदाय के प्रति भारत का बड़ा कदम: लुटियंस जोन में मिला बंगला, निर्वासित तिब्बती संसद ने जताया आभार|
| विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित टाइप-7 बंगला तीन साल के लिए आवंटित किया गया।
विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर केंद्र ने दलाई लामा के 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को लुटियंस दिल्ली में टाइप-7 सरकारी बंगला आवंटित किया।
तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के लुटियंस जोन में एक टाइप-7 सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर दलाई लामा के कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' को सौंपा गया है। हालांकि, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की तरफ से अभी इस विषय में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पंडित रविशंकर शुक्ला लेन में मिला आवास
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दलाई लामा को लुटियंस दिल्ली की पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित बंगला दिया गया है। इस आवंटन के बाद अब राष्ट्रीय राजधानी के दौरों के समय दलाई लामा के ठहरने के लिए एक स्थायी व्यवस्था हो गई है। बताया जा रहा है कि इस श्रेणी के सरकारी आवास आमतौर पर तीन वर्ष की अवधि के लिए आवंटित किए जाते हैं, और आवश्यकता पड़ने पर इसकी समय-सीमा को आगे बढ़ाने का नियम भी मौजूद है।
क्या है 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' और इसका काम?
दलाई लामा का कार्यालय 'गादेन फोडरंग ट्रस्ट' साल 2011 में भारत में एक निजी ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत किया गया था। इस ट्रस्ट की स्थापना से पहले दलाई लामा ने अपनी राजनीतिक शक्तियां स्वेच्छा से एक निर्वाचित तिब्बती नेतृत्व को सौंप दी थीं।
ट्रस्ट की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यह संस्था दलाई लामा की परंपरा और उनके आध्यात्मिक कार्यों को सहेजने और आगे बढ़ाने के लिए काम करती है। इसके साथ ही यह उनके मानवीय दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में भी सहयोग करती है। ट्रस्ट के प्रमुख उद्देश्यों में मानव मूल्यों का प्रसार करना, विभिन्न धर्मों के बीच आपसी सद्भाव बनाए रखना, तिब्बती संस्कृति व पहचान की रक्षा करना, पर्यावरण संरक्षण और प्राचीन भारतीय ज्ञान की समझ को विकसित करना शामिल है।
निर्वासित तिब्बती संसद ने किया फैसले का स्वागत
केंद्र सरकार के इस कदम को निर्वासित तिब्बती संसद के सदस्यों ने आध्यात्मिक नेता और पूरे तिब्बती समुदाय के प्रति समर्थन का एक अहम संकेत माना है।
निर्वासित तिब्बती संसद की स्पीकर डोलमा त्सेरिंग ने इस निर्णय पर खुशी जताते हुए इसे एक बेहद सकारात्मक खबर बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में यह आवास मिलने से दलाई लामा के लिए राजधानी का दौरा करना और वहां ठहरना पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक और आरामदायक हो जाएगा।
भारत के सहयोग को किया याद
इस फैसले का स्वागत करते हुए निर्वासित तिब्बती संसद और उसकी स्थायी समिति के सदस्य चोदक ग्यात्सो ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब तिब्बती समुदाय ने अपना देश खो दिया था और उनके पास कोई ठिकाना नहीं था, तब भारत सरकार ने उन्हें शरण दी। भारत ने उन्हें धर्मशाला में रहने की जगह, स्कूल और कई ऐसे संस्थान उपलब्ध कराए, जो आज भी उनकी संस्कृति को जीवित रखने में सहायक हैं।
चोदक ग्यात्सो ने अपने हालिया आधिकारिक दिल्ली दौरे का जिक्र भी किया, जिस दौरान उन्होंने कई भारतीय सांसदों से भेंट की थी। उन्होंने बताया कि वे स्वयं तिब्बती डिप्टी स्पीकर के साथ आवंटित किए गए उस बंगले को देखने गए थे, और उन्होंने इस अवसर को अपने लिए एक बड़े सम्मान के रूप में बताया।