दिल्ली में फिर मांझे ने ली जान: एक्सप्रेसवे पर 27 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग|
| बाइक सवार विकास की मौत के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 106 में केस दर्ज किया, परिवार ने सरकार से आर्थिक मदद और जांच की मांग की।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मांझे की चपेट में आने से 27 वर्षीय बाइक सवार विकास की मौत के बाद परिवार के सदस्य शोक में हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय बाइक सवार विकास की मौत हो गई। बाइक चलाते समय अचानक पतंग का मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल विकास को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विकास अपने पीछे पत्नी और तीन महीने की बेटी छोड़ गए हैं।
हादसा और पुलिस की शुरुआती कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 8:11 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बाइक सवार का एक्सीडेंट हुआ है। फोन करने वाले ने जानकारी दी कि युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है और उसके शरीर से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही शाहीन बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना पतंग के मांझे की वजह से हुई। यह हादसा एक्सप्रेसवे के उस हिस्से के पास हुआ, जिसका उद्घाटन कुछ दिन पहले ही हुआ था। बारापूला से एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के बाद फरीदाबाद की ओर जाते समय करीब एक किलोमीटर की दूरी पर यह दुर्घटना घटी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एक्सप्रेसवे पर मांझा कहां से आया और किस स्थान से वह बाइक सवार की गर्दन में उलझा। पीसीआर कॉल और अस्पताल से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में बीएनएस की धारा 106 के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
एम्स ट्रॉमा सेंटर में मृत घोषित
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बेहोशी और गंभीर हालत में विकास को एंबुलेंस के जरिए एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय विकास के रूप में हुई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विकास की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विकास अपने परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाते थे और उनके जाने के बाद घर में गहरा शोक पसरा है। उनकी पत्नी इस घटना से पूरी तरह टूट गई हैं। परिवार के लिए सबसे बड़ी चिंता तीन महीने की मासूम बेटी के भविष्य और उसकी परवरिश को लेकर है।
एटा के रहने वाले थे विकास, करते थे लैपटॉप रिपेयरिंग का काम
जानकारी के अनुसार, विकास मूलरूप से उत्तर प्रदेश के एटा के रहने वाले थे। वह दिल्ली के जैतपुर स्थित सौरभ विहार में किराए के मकान में अपनी पत्नी और तीन महीने की बेटी के साथ रहते थे। वह लैपटॉप रिपेयरिंग का काम करते थे और उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले लव मैरिज की थी।
ससुर की मांग: मिले आर्थिक मदद और हो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई
विकास के ससुर उमेश सोनी के अनुसार, विकास सोमवार को कंपनी के काम से बाहर गए थे और मंगलवार को उन्हें वापस घर लौटना था, लेकिन परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली। इस अचानक हुई घटना से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।
परिवार ने सरकार से आर्थिक मदद देने की मांग की है। साथ ही परिजनों ने यह सवाल भी उठाया है कि हाईवे पर इतनी बड़ी मात्रा में मांझा कैसे पहुंचा और किसकी लापरवाही से एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। परिवार ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।