ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री, ताजमहल जाने की मिली मंजूरी पर दरगाह जाने पर क्यों लगी रोक?
| एससीओ सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक को सीमित वीजा शर्तों के तहत आगरा जाने की अनुमति दी गई है।
नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दौरान पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक।
भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की निजी यात्राओं को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। उन्हें आगरा स्थित ताजमहल देखने की अनुमति दे दी गई है, लेकिन नई दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह जाने की उनकी गुजारिश को नामंजूर कर दिया गया है। मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं।
वीजा की शर्तें और यात्रा का कार्यक्रम
मुसादिक मलिक को भारत आने का वीजा मुख्य रूप से एससीओ सम्मेलन में हिस्सा लेने के सीमित मकसद से दिया गया था। हालांकि, उनकी तरफ से सम्मेलन के अलावा कुछ अन्य स्थानों पर जाने की इच्छा भी जाहिर की गई थी। शुरुआत में ऐसी जानकारी सामने आई थी कि उनका वीजा केवल एससीओ कार्यक्रम तक ही सीमित रखा गया है और उनके दोनों जगह जाने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया है। लेकिन बाद में सूत्रों के हवाले से यह बात स्पष्ट हुई कि उन्हें ताजमहल जाने की इजाजत मिल गई है। वे पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों के साथ आगरा जाकर ताजमहल देख सकेंगे, जबकि निजामुद्दीन दरगाह जाने की मांग को मंजूरी नहीं मिली है। हालांकि, विदेश मंत्रालय की ओर से उनके इस यात्रा कार्यक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
तीन साल से अधिक समय बाद हुई उच्चस्तरीय यात्रा
मुसादिक मलिक पिछले तीन साल से भी ज्यादा समय में भारत का दौरा करने वाले पाकिस्तान के पहले संघीय मंत्री हैं। उनसे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। बिलावल भुट्टो ने गोवा में हुई एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था। उस समय 2011 के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का वह पहला उच्चस्तरीय भारत दौरा था।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला दौरा
मुसादिक मलिक की यह यात्रा मौजूदा हालात के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया था। इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को दिए गए सभी वीजा रद्द करने का कदम उठाया था, हालांकि दीर्घकालिक, राजनयिक और आधिकारिक वीजा को इस फैसले से बाहर रखा गया था। ऑपरेशन सिंदूर और दोनों देशों के बीच बने तनाव के माहौल के बाद मुसादिक मलिक भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी संघीय मंत्री हैं।
पुराना किला में चल रहा है तीन दिवसीय सम्मेलन
भारत की पहल पर दिल्ली के पुराना किला में एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में एससीओ के सदस्य देशों के अलावा संवाद साझेदार देशों और एक पर्यवेक्षक देश के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं। यह सम्मेलन सोमवार तक जारी रहेगा।