छत्तीसगढ़ के कोरबा में आयोजित समारोह के दौरान प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने 100 परिवारों के करीब 500 लोगों का पांव पखारकर स्वागत किया|

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को आयोजित 'हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह' के दौरान लगभग 100 परिवारों के करीब 500 सदस्यों ने ईसाई मत छोड़कर सनातन धर्म में घर वापसी की है। कोरबा शहर के घंटाघर ओपन थिएटर में मंत्रोच्चार के बीच हुए इस कार्यक्रम में सक्ती जिले और कोरबा के वनांचल क्षेत्रों से आए आदिवासी व ग्रामीण परिवार शामिल हुए। अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज की उपस्थिति में घर वापसी करने वाले सभी लोगों के पांव पखारकर उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन परिवारों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिन्होंने पहले धर्म परिवर्तन किया था।

बीमारी ठीक होने की आस में बदला था धर्म, अनुभव साझा कर टूटा भ्रम

समारोह में शामिल हुईं कुछ महिलाओं ने मंच से बताया कि आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारियों के इलाज का भरोसा या झांसा देकर उन्हें पहले ईसाई मत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था, लेकिन उन्हें इससे कोई फायदा नहीं मिला।

समरीन बाई सतनामी (ग्राम जाजंग, जिला सक्ती): उन्होंने बताया कि उनके पति रोजी-मजदूरी का काम करते थे और अक्सर बीमार रहते थे। परिवार में आर्थिक संकट बढ़ने पर चार साल पहले उन्हें पति की बीमारी ठीक करने का भरोसा दिलाकर ईसाई मत अपनाने के लिए कहा गया था। उन्होंने चंगाई सभाओं में प्रार्थना की और पवित्र जल व तेल का भी इस्तेमाल किया, लेकिन पति की बीमारी ठीक नहीं हो सकी और उनका निधन हो गया। इसके बाद उनका विश्वास टूट गया और वे फिर से सनातन धर्म में लौट आईं।

लता साहू (ग्राम बगबुड़ा, जिला सक्ती): लता ने साझा किया कि लगभग तीन साल पहले एक पादरी ने चंगाई सभा के जरिए उनके बीमार पति को स्वस्थ करने का दावा किया था। पति की सेहत में सुधार होने की उम्मीद के साथ उन्होंने धर्म परिवर्तन किया था, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी उनके पति की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अब वे इस तरह के दावों को छोड़कर अस्पताल में अपने पति का इलाज करा रही हैं और अपने मूल धर्म में वापस आ गई हैं।

हर परिवार को जोड़ने का संकल्प: प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने अपने दिवंगत पिता दिलीप सिंह जूदेव के घर वापसी अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मतांतरण के खिलाफ और घर वापसी के लिए उनका यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उनके अनुसार, जब तक प्रत्येक बिछड़े हुए परिवार को इस घर वापसी अभियान के साथ नहीं जोड़ लिया जाता, तब तक इस दिशा में काम जारी रहेगा।

समाज की एकजुटता और सतर्कता पर जोर: स्वामी अनिलानंद

महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने समारोह में कहा कि हिंदू समाज और धार्मिक परंपराओं की रक्षा के लिए काम करने वालों को सम्मानित करना गर्व की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के समय अधिकारियों के संरक्षण में मतांतरण के मामले बढ़े थे, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार ने इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए सभी को संगठित और सतर्क रहना होगा। इस आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मसेना के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।