दुमका के शिकारीपाड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित कोल माइंस के सर्वे का विरोध कर रहे ग्रामीणों के पथराव में घायल जवानों का अस्पताल में उपचार किया गया|

झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोयला खदान को लेकर हुए विरोध के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। शिकारीपाड़ा प्रखंड क्षेत्र के बादलपाड़ा कल्याणपुर इलाके में खुलने वाली संभावित कोल माइंस से जुड़े सर्वे को लेकर रविवार को ग्राम सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने कोयला कंपनी के कई कर्मचारियों को बंधक बना लिया। बंधक बनाए जाने की खबर मिलते ही शिकारीपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगें पूरी होने तक उन्हें छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। रात लगभग 12 बजे मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया, जिसके बाद अंधेरे का लाभ उठाते हुए ग्रामीणों की तरफ से पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया गया।

हिंसक झड़प में घायल जवानों की स्थिति गंभीर

ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई इस हिंसक झड़प में कुल 9 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है। चोटिल हुए सभी जवानों को बेहतर उपचार के लिए दुमका स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस हालात पर लगातार निगरानी रखे हुए है।

पथराव करने वालों की पहचान की कोशिश

घायल पुलिसकर्मियों के अनुसार, गांव के लोगों ने अचानक घेरकर पत्थरों और लाठियों से हमला बोल दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद उपविकास आयुक्त अनिकेत सचान अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों के इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कोल माइंस के संबंध में ग्राम सभा बुलाई गई थी, जिसके दौरान हंगामा हुआ और उग्र लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। फिलहाल पथराव और हमला करने वाले लोगों की पहचान करने की कार्रवाई की जा रही है।

पथराव में ये जवान हुए घायल

देर रात हुए अचानक पथराव की इस घटना में घायल होने वाले पुलिसकर्मियों के नाम इस प्रकार हैं:

  • आनंद मुर्मू
  • चार्ल्स मुर्मू
  • फूल कुमार यादव
  • विनोद दास
  • पूनम देवी
  • मुन्ना कुमार
  • शिवजी यादव
  • अनित दास
  • अमरनाथ कुमार