लखीसराय से मायके लौटी नवविवाहिता की प्रेमी से हुई शादी, ग्रामीणों ने धुलवाया सिंदूर और बनवाया वीडियो|
| डंडारी के मैसहा गांव में रातभर रोकने के बाद सुबह मंदिर में पंचायत के बीच हुई शादी, वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं।
बेगूसराय के मैसहा गांव में ग्रामीणों ने नवविवाहिता का सिंदूर धुलवाकर प्रेमी रोहित से मंदिर में शादी कराई।
बिहार के बेगूसराय जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। डंडारी थाना क्षेत्र के मैसहा गांव में एक नवविवाहिता और उसके प्रेमी को मिलते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद रात भर दोनों को रोके रखा गया और अगली सुबह गांव के मंदिर के पास दोनों की शादी करा दी गई। इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, हालांकि एनबीटी ऑनलाइन की ओर से इन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की जाती है।
21 नवंबर की रात मिलने के दौरान पकड़े गए दोनों
यह मामला मैसहा गांव का है। बताया जाता है कि 21 नवंबर की रात युवक रोहित अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए मैसहा गांव पहुंचा था। जब दोनों एक साथ मिले, तो गांव वालों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को रातभर रोक कर रखा गया और इस बात की जानकारी परिजनों तथा गांव के अन्य लोगों को दी गई।
छह महीने पहले लखीसराय में हुई थी महिला की शादी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस युवती की शादी करीब छह महीने पहले लखीसराय में हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद वह अपने मायके वापस लौट आई थी और उसने दोबारा ससुराल जाने से इनकार कर दिया था।
शादी से पहले से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मैसहा गांव की रहने वाली इस महिला का प्रेम-प्रसंग कथित तौर पर अपनी बड़ी बहन के देवर के साथ शादी के पहले से ही चल रहा था। युवती की शादी हो जाने के बाद भी यह संबंध खत्म नहीं हुआ और दोनों का मिलना-जुलना लगातार जारी रहा। जब युवती अपने मायके लौट आई, तो रोहित उससे मिलने मैसहा गांव आता रहता था।
सुबह करीब 5 बजे मंदिर के पास हुई शादी की रस्म
रात भर रोक कर रखने के बाद, सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने पंचायत की और दोनों को मंदिर के पास ले गए। वहां मौजूद कुछ महिलाओं और बुजुर्गों ने युवती की मांग में लगा पहले पति के नाम का सिंदूर पानी से धुलवाया। इसके बाद सभी ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक रोहित ने मंदिर के सामने युवती की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की।
मर्जी से शादी करने का बनाया गया वीडियो
शादी की रस्म के दौरान गांव वालों ने वीडियो भी बनाया और दोनों से यह कहलवाया कि उन्होंने यह शादी अपनी मर्जी से की है। इस पूरी घटना से संबंधित दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, फिलहाल यह नवविवाहित जोड़ा मैसहा गांव में ही मौजूद है।