दुनिया के अन्न भंडार में भारत का बढ़ता दबदबा! चावल-गेहूं की रिकॉर्ड पैदावार के साथ निर्यात में भी 5% का उछाल, पढ़ें पूरा अपडेट
| india-record-foodgrain-production-rice-wheat-shivraj-singh-chouhan केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2025-26 के अंतिम अनुमान जारी किए, जिसमें कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन तक पहुंच गया है। India Achieves Record Foodgrain Production as Rice and Wheat Output Surges
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम खाद्यान्न उत्पादन आंकड़े जारी किए|
भारत ने खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान जारी कर दिए हैं। इन आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में इस वर्ष रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन खाद्यान्न का उत्पादन हुआ है। यदि पिछले साल के आंकड़ों से इसकी तुलना की जाए, तो इस वर्ष देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 208.06 लाख टन की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
चावल का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इन आंकड़ों का विवरण साझा किया। उन्होंने देश में फसल उत्पादन के वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान (फाइन एस्टिमेट्स) के साथ-साथ वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान (फर्स्ट एस्टिमेट्स) भी जारी किए। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि बीते खरीफ मौसम में देश में चावल का कुल उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा, जो अब तक का एक नया रिकॉर्ड है। इस अवधि में चावल के उत्पादन में 49.70 लाख टन की वृद्धि दर्ज हुई है।
गेहूं की पैदावार ने भी बनाया नया रिकॉर्ड
चावल के साथ-साथ देश में गेहूं की पैदावार ने भी नया शिखर छुआ है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस दौरान देश में रिकॉर्ड 1220.64 लाख टन गेहूं का उत्पादन हुआ है। पिछले आंकड़ों की तुलना में इस साल गेहूं की पैदावार में 41.19 लाख टन की उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अल नीनो और मानसून की चुनौतियों के बीच खरीफ 2026-27 का अनुमान
कृषि मंत्री ने आगे बताया कि जहां वर्ष 2025-26 में देश ने 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, वहीं अल नीनो और मानसून की देरी जैसी गंभीर मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न पैदावार होने का अनुमान है। यह अनुमानित आंकड़ा पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन से भी 97.67 लाख टन अधिक है।
वैश्विक रैंकिंग में भारत की मजबूत स्थिति और बढ़ता निर्यात
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज भारत न केवल अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि दुनिया के अन्न भंडार में भी एक बड़ा योगदान दे रहा है। उन्होंने वैश्विक कृषि रैंकिंग का जिक्र करते हुए बताया कि भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज (मिलेट्स) और मसालों के उत्पादन में पूरी दुनिया में पहले स्थान पर है। वहीं, गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के उत्पादन में चीन के बाद तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद भारत दूसरे स्थान पर है।
केंद्रीय मंत्री ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि देश के पास चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार उपलब्ध हैं। आज वैश्विक बाजार में भारतीय चावल की मांग बढ़ रही है और इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों में भारतीय बासमती चावल की सुगंध पहुंच रही है।
फसल विविधीकरण और दलहन-तिलहन पर सरकार का जोर
कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि चावल और गेहूं के उत्पादन में सरप्लस स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान फसल विविधीकरण (क्रॉप डाइवर्सिफिकेशन) तथा दलहन और तिलहन के क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने के लिए 'दलहन मिशन' और 'तिलहन मिशन' के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, और इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम अंतिम आंकड़ों में साफ तौर पर देखने को मिल रहे हैं।