दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस महारैली को स्थगित करने की मांग को लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पत्र भेजा गया है।

दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की मेगा रैली को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर इस रैली को टालने की अपील की है। व्यापारी संगठन का कहना है कि इस आयोजन से दिल्ली के लगभग 20 प्रमुख बाजारों में व्यापार पर बुरा असर पड़ेगा।

12 हजार करोड़ के कारोबार पर असर पड़ने का खतरा

CTI के मुताबिक, रैली के कारण राजधानी में भारी ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो सकती है। इससे बाजारों तक ग्राहकों और व्यापारियों का पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। संगठन ने आशंका जताई है कि इस वजह से दिल्ली के 20 बाजारों में लगभग 10,000 से 12,000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है।

व्यापारियों ने दिए दो विकल्प

व्यापारी संगठन ने सोनिया गांधी से मांग की है कि इस महारैली को दिवाली के त्योहार के बाद आयोजित किया जाए। इसके साथ ही CTI ने यह सुझाव भी दिया है कि यदि रैली की तारीख को आगे बढ़ाना संभव न हो, तो इसके आयोजन स्थल को बदलकर बुराड़ी ग्राउंड कर दिया जाए ताकि मुख्य बाजारों का कामकाज प्रभावित न हो।