बिना वेतन काम किया, पुश्तैनी जमीन बेची और विज्ञान को दी नई दिशा:जानें कैसा रहा जगदीश चंद्र बसु का संघर्ष और योगदान?
| प्रेसिडेंसी कॉलेज में कम वेतन के विरोध और कर्ज के बावजूद बसु ने रेडियो व वनस्पति विज्ञान में अहम शोध किए।
जगदीश चंद्र बसु की पुण्यतिथि पर प्रेसिडेंसी कॉलेज में वेतन असमानता के विरोध, तीन साल बिना सैलरी काम करने और रेडियो व पौधों पर उनके शोध कार्यों का स्मरण किया गया।
भारतीय विज्ञान के सफर में आचार्य डॉ. जगदीश चंद्र बसु का योगदान हमेशा याद किया जाता है। वे अमेरिकी पेटेंट हासिल करने वाले पहले भारतीय वैज्ञानिक थे और भारत में पहले वैज्ञानिक शोधकर्ता के रूप में भी जाने जाते हैं। आज यानी 23 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि के मौके पर उनके जीवन और काम से जुड़ी अहम बातें सामने आती हैं। 30 नवंबर 1858 को बंगाल के फरीदपुर में जन्मे बसु भौतिकी, जीवविज्ञान, वनस्पतिविज्ञान और पुरातत्व के गहरे जानकार थे। उन्हें रेडियो विज्ञान का पिता और बंगाली विज्ञानकथा-साहित्य का पिता भी माना जाता है। जगदीश चंद्र बसु को ही जगदीश चंद्र बोस भी कहा जाता है।
अंग्रेजी से पहले सीखी मातृभाषा
जगदीश चंद्र बसु की शुरुआती पढ़ाई गांव के एक बांग्ला विद्यालय में हुई। उनके पिता की यह सोच थी कि अंग्रेजी सीखने से पहले अपनी मातृभाषा पर अच्छी पकड़ होनी चाहिए। इसके बाद वे कलकत्ता आए और सेंट जेवियर स्कूल व कॉलेज में शिक्षा प्राप्त की। 22 साल की उम्र में वे चिकित्सा की पढ़ाई के लिए लंदन गए, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। फिर वे कैम्ब्रिज के क्राइस्ट कॉलेज गए, जहां भौतिकी के प्रति उनकी दिलचस्पी बढ़ी। महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन ने उनके बारे में कहा था कि जगदीश चंद्र बसु ने ऐसी कई खोज की हैं, जिनमें से किसी भी एक के लिए उनकी याद में एक प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए।
अंग्रेजों को झुकने पर किया मजबूर
वर्ष 1885 में भारत लौटने के बाद उन्होंने प्रेसिडेंसी कॉलेज में फिजिक्स के सहायक प्राध्यापक के तौर पर काम शुरू किया। उस दौर में भारतीय शिक्षकों को अंग्रेज शिक्षकों की तुलना में एक तिहाई वेतन मिलता था। बसु ने इस भेदभाव का विरोध किया और तीन साल तक बिना वेतन के काम किया। इस अवधि में उन पर काफी कर्ज हो गया और उन्हें अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेचनी पड़ी। चौथे साल उन्हें पूरा वेतन मिलना शुरू हुआ। वे कक्षाओं में वैज्ञानिक प्रदर्शनों के जरिए पढ़ाते थे। उनके छात्र सत्येंद्र नाथ बोस आगे चलकर प्रसिद्ध भौतिकशास्त्री बने।
इस महान खोज के जनक हैं बसु
रेडियो की खोज में जगदीश चंद्र बसु की भूमिका को बेहद अहम माना जाता है। उन्होंने सबसे पहले रेडियो संदेशों को पकड़ने के लिए अर्धचालकों का इस्तेमाल किया और माइक्रोवेव तरंगों को मिलीमीटर स्तर तक पहुंचाया। वर्ष 1894 में कलकत्ता टाउन हॉल में उन्होंने मिलीमीटर रेंज माइक्रोवेव तरंग का उपयोग करके दूर से बारूद प्रज्वलित किया और घंटी बजाई। अपने बंगाली निबंध 'अदृश्य आलोक' में उन्होंने लिखा था कि अदृश्य प्रकाश दीवारों के भीतर से जा सकता है, इसलिए बिना तार के संदेश भेजा जा सकता है। विश्वविख्यात कवि-साहित्यकार रवींद्रनाथ टैगोर ने कहा था कि विज्ञान के क्षेत्र में पश्चिमी देशों के प्रभाव के बीच जगदीश चंद्र बसु ने भारत का गौरव बढ़ाया और उनके कामों में भारतीय वैज्ञानिक भावना व राष्ट्रीय गौरव झलकता है।
रेडियो के लिए किया आधारभूत काम
बसु ने अपनी खोजों से व्यावसायिक लाभ कमाने के बजाय उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रकाशित कर दिया, ताकि दूसरे शोधकर्ता आगे काम कर सकें। इसी वजह से 1909 में रेडियो के लिए नोबेल पुरस्कार मारकोनी को मिला, जबकि आधारभूत काम बसु ने किया था।
पौधे दर्द महसूस कर सकते हैं साबित किया
वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में भी उन्होंने बड़ा बदलाव लाया। उन्होंने क्रेस्कोग्राफ नामक यंत्र बनाया, जिसकी मदद से अलग-अलग उत्तेजकों के प्रति पौधों की प्रतिक्रिया का अध्ययन किया गया। उन्होंने सिद्ध किया कि पौधों में उत्तेजना का संचार विद्युत माध्यम से होता है, रासायनिक माध्यम से नहीं। उन्होंने यह भी दिखाया कि पौधे दर्द महसूस कर सकते हैं और स्नेह अनुभव कर सकते हैं, साथ ही वनस्पतियों और पशुओं के ऊतकों में काफी समानता होती है। भारतीय दार्शनिक और शिक्षाविद भगिनी निवेदिता ने कहा था कि वे हैरान और चिंतित थीं कि जगदीश चंद्र बसु को कठिन परिस्थितियों और विरोधों के बीच अकेले काम करना पड़ा, और ऐसे ही जीवन के त्याग व समर्पण पर आगे के महान भारत का निर्माण होगा।
आज के ही दिन हुआ था बसु का निधन
वर्ष 1917 में उन्हें नाइट की उपाधि दी गई और वे रॉयल सोसाइटी लंदन के फेलो चुने गए। उन्होंने बोस इंस्टीट्यूट की स्थापना की, जो आज भी विज्ञान शोध का जाना-माना केंद्र है। 23 नवंबर 1937 को जगदीश चंद्र बसु का निधन हो गया, लेकिन उनकी खोजें आज भी वैज्ञानिकों को राह दिखाती हैं।