तस्वीर में पीपलू की सार्वजनिक सीढ़ियों पर सफाई का कार्य करते नागरिक दिख रहे हैं।

पीपलू में सेवा सेतु अभियान के तहत आमजन की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नगर पालिका परिसर में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 7 अक्टूबर को शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। शिविर 16 अक्टूबर तक आयोजित होंगे। इनमें नागरिक अपनी समस्याओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। शिविरों में शहर की सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई एवं मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव से जुड़ी समस्याओं के समाधान की कार्रवाई की जा रही है।

प्रमाण-पत्र, पेंशन और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सुविधा

सेवा सेतु अभियान के शिविरों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, विभिन्न प्रमाण-पत्रों के आवेदन, पट्टा एवं नामांतरण संबंधी प्रकरणों सहित अन्य राजस्व कार्यों के लिए नागरिकों को सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना, दिव्यांगजन पेंशन और मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है।

अभियान के दौरान बिजली, जलदाय, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभागों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका प्रशासन प्राप्त परिवादों और आवेदनों को विभागवार दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को भेज रहा है, ताकि उनका नियमानुसार निस्तारण किया जा सके।

भूमि और भवन के पट्टे बनवाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष की अपील

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द वर्मा ने शहरवासियों से अपनी भूमि एवं भवन से संबंधित पट्टे की पत्रावलियां प्रस्तुत करने की विशेष अपील की है। उन्होंने बताया कि पीपलू नगर पालिका एक नवगठित निकाय है। उनके अनुसार, शहर की लगभग 90 प्रतिशत आबादी के पास स्वामित्व प्रमाण-पत्र अथवा पट्टे उपलब्ध नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्रवाई कर सार्वजनिक मार्गों को चौड़ा करने की योजना प्रस्तावित है। ऐसी स्थिति में भूमि एवं भवन के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज नहीं होने पर नागरिकों को विभिन्न विधिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविरों में अपनी भूमि एवं भवन से संबंधित पट्टा पत्रावली प्रस्तुत कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाएं और अभियान का लाभ उठाएं।

नगर पालिका प्रशासन ने पीपलू शहर के नागरिकों से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शिविरों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों की सेवाओं, जनसमस्याओं के निस्तारण और भूमि एवं भवन के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज तैयार करवाने की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

Tags: