तस्वीर में एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 लैपटॉप खुला हुआ दिखाई दे रहा है, जिसकी स्क्रीन पर वॉलपेपर और कीबोर्ड नजर आ रहा है।

ताइवान की टेक कंपनी एसुस ने भारत में अपने क्रोमबुक पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 (सीएक्स1505सीटीए) लॉन्च किया है। यह डिवाइस छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और पहली बार लैपटॉप खरीदने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो आसान और क्लाउड आधारित कंप्यूटिंग अनुभव प्रदान करता है।

एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 क्रोमओएस और गूगल एआई से लैस है। कंपनी के अनुसार, यह लैपटॉप रोजमर्रा के काम, स्मार्ट प्रोडक्टिविटी, मनोरंजन और एंटरप्राइज स्तर की सिक्योरिटी के साथ हल्के और मजबूत डिजाइन की सुविधा देता है। इसकी कीमत 47,990 रुपए रखी गई है।

नया एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 एसुस एक्सक्लूसिव स्टोर्स (एईएस), आरओजी स्टोर्स, एसुस के अधिकृत रिटेल पार्टनर्स, रिलायंस डिजिटल, एसुस ई-शॉप और देशभर के अन्य प्रमुख रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध होगा। खास बात यह है कि भारत में पहली बार एसुस क्रोमबुक को ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क के जरिए भी ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है।

क्रोमओएस और गूगल इकोसिस्टम के साथ काम करने वाला एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 यूजर्स को सुरक्षित क्लाउड आधारित अनुभव, आसान सहयोग और गूगल एआई की मदद से रोजमर्रा के कार्यों को तेजी से पूरा करने की सुविधा देता है। जानकारी जुटाने, प्रेजेंटेशन तैयार करने, ऑनलाइन क्लास में शामिल होने या साथियों के साथ मिलकर काम करने जैसे कार्यों में यूजर्स गूगल के नए एआई फीचर्स का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही यह डिवाइस भविष्य के लिए जरूरी एआई स्किल्स सीखने में भी मदद करता है।

ग्राहकों के लिए एसुस ईज़ी पे के जरिए आसान फाइनेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत 0% नो कॉस्ट ईएमआई की शुरुआत 3,999 रुपए प्रति माह से होती है, जिससे छात्रों, परिवारों और युवा प्रोफेशनल्स के लिए क्रोमबुक खरीदना आसान हो जाता है। कंपनी इस डिवाइस के साथ 1 साल की स्टैंडर्ड वारंटी और 1 साल का एक्सीडेंटल डैमेज प्रोटेक्शन भी दे रही है।

एसुस इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट, कंज्यूमर एंड गेमिंग बिजनेस सिस्टम अर्नोल्ड सू ने लॉन्च के मौके पर कहा, "डिजिटल लर्निंग, हाइब्रिड वर्क और एआई जिस तेजी से रोजमर्रा की कंप्यूटिंग का हिस्सा बन रहे हैं, उसे देखते हुए लोग ऐसे डिवाइस चाहते हैं जो आसान हों, सुरक्षित हों और स्मार्ट फीचर्स से लैस हों। क्रोमबुक आज छात्रों, युवा प्रोफेशनल्स और परिवारों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरे हैं। एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 के जरिए हम इस अनुभव को और ज्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं। यह सिर्फ नया एआई आधारित क्रोमबुक लॉन्च नहीं है, बल्कि भारत में पहली बार हमारे ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क के जरिए भी ग्राहक क्रोमओएस और गूगल एआई का अनुभव ले सकेंगे।"

एसुस क्रोमबुक सीएक्स15 का लॉन्च कंपनी की भारत में क्रोमबुक पहुंच बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जहां ग्राहक अब ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर भी क्रोमओएस और गूगल एआई आधारित कंप्यूटिंग अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।