अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत से हार के बाद तनवीर अहमद ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर क्यों साधा निशाना?
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत से मिली हार के बाद पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर तनवीर अहमद ने अपने देश के क्रिकेट सिस्टम को आड़े हाथों लिया।
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ जीत दर्ज करने के बाद मैदान पर जश्न मनाती भारतीय क्रिकेट टीम|
अंडर-19 एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में भारत के हाथों मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट जगत में निराशा और गुस्सा देखने को मिल रहा है। शनिवार को खेले गए इस रोमांचक फाइनल में भारतीय टीम ने अंतिम गेंद पर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब पर कब्जा जमाया। इस करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद का गुस्सा फूट पड़ा है और उन्होंने अपने देश के क्रिकेट सिस्टम की जमकर आलोचना की है।
अंतिम गेंद पर पलटी बाजी और भारत की ऐतिहासिक जीत
खिताबी मुकाबले में एक समय पाकिस्तान की जीत लगभग तय नजर आ रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 42वें ओवर में 252 रनों के स्कोर पर अपने 8 विकेट गंवा दिए थे। मैच पूरी तरह से पाकिस्तान की पकड़ में दिख रहा था, लेकिन भारतीय निचले क्रम के बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी। मैच की अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए तीन रनों की जरूरत थी, जिस पर मोहित उल्वा ने शानदार चौका जड़कर पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली और भारत को एक विकेट से यादगार दिलाई।
भारत से बेहतर होने का दावा बंद करने की नसीहत
इस हार के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में तनवीर अहमद बेहद नाराज दिखाई दिए। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट के मौजूदा स्तर पर सवाल उठाते हुए कहा कि टीम की ठीक-ठाक किस्म की बेइज्जती हुई है और ऐसा होना ही था। तनवीर ने सख्त लहजे में कहा कि अब पाकिस्तान को खुद को भारत से बेहतर बताना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने साफ शब्दों में स्वीकार किया कि आज वे बिल्कुल जीरो हैं और उनका क्रिकेट सिस्टम भारत के सिस्टम के सामने कहीं भी नहीं टिकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर लगाए गंभीर आरोप
पूर्व तेज गेंदबाज ने अपनी भड़ास निकालते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के कामकाज के तरीके को भी आड़े हाथों लिया। तनवीर अहमद ने आरोप लगाया कि बोर्ड ने पूरे क्रिकेट सिस्टम को बर्बाद और तबाह कर दिया है। उनके अनुसार, जब भी कोई नया चेयरमैन बोर्ड की जिम्मेदारी संभालता है, तो वह खेल को सुधारने के बजाय अपने करीबी लोगों को सिस्टम में जगह देने और एडजस्ट करने में जुट जाता है।
भारतीय बल्लेबाजों के जज्बे की की तारीफ
अपनी टीम की आलोचना करने के साथ-साथ तनवीर अहमद ने भारतीय खिलाड़ियों के जुझारूपन की खुले दिल से तारीफ भी की। उन्होंने विशेष रूप से मनल चौहान और मोहित उल्वा के बीच हुई साझेदारी का जिक्र किया। तनवीर ने कहा कि भारत ने एक ऐसा मुकाबला जीत लिया, जिसे वह पहले ही हार चुका था। जब भारत के पास केवल दो विकेट शेष थे, तब मैच पूरी तरह पाकिस्तान के हाथ में था, लेकिन जिस शानदार तरीके से मोहित और मनल चौहान ने मिलकर पाकिस्तान से यह जीत छीनी, वह वाकई तारीफ के काबिल है।