अनुज श्रीवात्री बने भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर, फिलीपींस में जीता खिताब
मध्य प्रदेश के 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री ने फिलीपींस में आयोजित 7वीं आसियान शतरंज चैंपियनशिप जीतकर देश के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव हासिल किया।
फिलीपींस में शतरंज प्रतियोगिता जीतकर भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बने अनुज श्रीवात्री।
भारतीय शतरंज के इतिहास में दिवाली का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के नाम दर्ज हो गया। मध्य प्रदेश के 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री ने फिलीपींस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता जीतकर भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर (GM) बनने का गौरव हासिल किया। रविवार को मिली इस कामयाबी के साथ भारतीय शतरंज ने एक ऐसा मुकाम छू लिया, जिसका सफर वर्ष 1988 में विश्वनाथन आनंद के पहले ग्रैंडमास्टर बनने के साथ शुरू हुआ था।
अनुज श्रीवात्री ने यह उपलब्धि फिलीपींस के सिनाकाबन में आयोजित '7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप' जीतकर हासिल की। हालांकि, 22 वर्षीय अनुज के लिए खिताब तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं रहा। टूर्नामेंट में उनका आगाज निराशाजनक रहा और उन्हें पहली ही बाजी में हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए लगातार दमदार प्रदर्शन किया और संभावित आठ में से सात अंक हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
वियतनाम के गुयेन डुक होआ सात अंकों के साथ अनुज से आधा अंक पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मेजबान फिलीपींस के नूरी अलेखिन छह अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।
38 साल बाद भारत ने छुआ 100 ग्रैंडमास्टर का आंकड़ा
भारत को पहला ग्रैंडमास्टर वर्ष 1988 में विश्वनाथन आनंद के रूप में मिला था। इसके 38 साल बाद अनुज श्रीवात्री ने देश के 100वें ग्रैंडमास्टर बनकर भारतीय शतरंज के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। इस उपलब्धि पर पूर्व विश्व शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने भी अनुज की सराहना की।
आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'दीवाली की शुभकामनाएं, 100 का शानदार शतक, भारत को इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए अनुज श्रीवात्री को बधाई। मजेदार बात यह है कि आज ही मैं सोच रहा था कि दिसंबर 2027 में मेरे ग्रैंडमास्टर टाइटल को 40 साल पूरे हो जाएंगे, और सचमुच ऐसा ही हो गया।'
AICF अध्यक्ष नितिन नारंग ने दी बधाई
ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के अध्यक्ष नितिन नारंग ने भी अनुज की इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'भारत के लिए 100वें ग्रैंडमास्टर! भारत ने एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है। अनुज श्रीवात्री फिलीपींस के ओजामिज सिटी में आयोजित ‘7वीं आसियान इंडिविजुअल चेस चैंपियनशिप 2026’ जीतकर देश के 100वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं और उन्होंने सीधे GM का टाइटल हासिल किया है! बधाई हो, अनुज! भारतीय शतरंज के लिए यह गर्व का पल है. अब 200 ग्रैंडमास्टर्स की ओर!'
कौन हैं भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर अनुज श्रीवात्री?
मध्य प्रदेश के रहने वाले 22 वर्षीय अनुज श्रीवात्री को लंबे समय से शतरंज की दुनिया में एक होनहार खिलाड़ी के रूप में देखा जाता रहा है। उन्होंने वर्ष 2020 में इंटरनेशनल मास्टर (IM) का खिताब हासिल किया था। उस समय वह मध्य प्रदेश के सबसे युवा इंटरनेशनल मास्टर थे। छह साल बाद उन्होंने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हासिल करते हुए भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
शतरंज में ग्रैंडमास्टर का खिताब कैसे मिलता है?
शतरंज की दुनिया में विश्व चैंपियन के खिताब के अलावा ग्रैंडमास्टर का दर्जा भी सबसे प्रतिष्ठित उपलब्धियों में शामिल है। यह खिताब शतरंज की अंतरराष्ट्रीय संस्था FIDE की ओर से प्रदान किया जाता है। एक बार ग्रैंडमास्टर का खिताब मिलने के बाद यह जीवनभर के लिए मान्य रहता है।
इस प्रतिष्ठित खिताब को हासिल करने के लिए खिलाड़ियों को दो प्रमुख शर्तें पूरी करनी होती हैं। पहली शर्त के तहत खिलाड़ी को कम से कम 2500 या उससे अधिक की लाइव एलो रेटिंग हासिल करनी होती है। दूसरी शर्त के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में कम से कम तीन ग्रैंडमास्टर नॉर्म्स प्राप्त करना जरूरी होता है।
अनुज श्रीवात्री की इस उपलब्धि के साथ भारत ने ग्रैंडमास्टरों का शतक पूरा कर लिया है। विश्वनाथन आनंद से शुरू हुआ यह 38 वर्षों का सफर अब 100वें ग्रैंडमास्टर तक पहुंच गया है और भारतीय शतरंज के लिए एक नया ऐतिहासिक पड़ाव स्थापित हुआ है।