Rahul Dravid Best Captain: द्रविड़ ने कोहली के बजाय इमरान खान को चुना, फिर धोनी को बताया सर्वश्रेष्ठ
ईएसपीएन के रैपिड-फायर राउंड में राहुल द्रविड़ ने कप्तानों के चयन के दौरान विराट कोहली के ऊपर इमरान खान और आखिरकार एमएस धोनी को सबसे बेहतर चुना।
तस्वीर में बाएं से दाएं राहुल द्रविड़, विराट कोहली और इमरान खान नजर आ रहे हैं।
राहुल द्रविड़ से टॉप इंटरनेशनल कप्तान चुनने के लिए कहा गया तो विराट कोहली और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान में से उन्होंने इमरान खान को चुना। द्रविड़ के इस चयन ने कोहली के साथ उनके मजबूत संबंधों के बावजूद सबका ध्यान खींचा।
विराट कोहली ने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में 200 से अधिक मैचों में कप्तानी की है। वह टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे खेलते हैं। कोहली राहुल द्रविड़ की कोचिंग में भी खेले, इस दौरान दोनों का बॉन्ड काफी अच्छा नजर आया।
ईएसपीएन पर राहुल द्रविड़ से टॉप इंटरनेशनल कप्तान चुनने के लिए कहा गया। इस दौरान उन्हें दो-दो कप्तानों में से एक का चयन करना था। शुरुआत में उनके सामने बेन स्टोक्स और स्टीव स्मिथ का नाम आया। द्रविड़ ने स्मिथ को चुना। इसके बाद उन्होंने स्टीव स्मिथ को केन विलियम्सन, अर्जुन रणतुंगा, ग्रीम स्मिथ, स्टीफन फ्लेमिंग, माइकल क्लार्क, इयोन मॉर्गन और पैट कमिंस से ऊपर रखा।
इसके बाद रिकी पोंटिंग का नाम सामने आया तो द्रविड़ ने स्टीव स्मिथ के ऊपर पोंटिंग को चुना। पोंटिंग और एलन बॉर्डर में से भी उन्होंने पोंटिंग को चुना। इस पर द्रविड़ ने कहा, "मैं पोंटिंग को चुनूंगा क्योंकि मैंने बॉर्डर को ज्यादा नहीं देखा।"
फिर रिकी पोंटिंग और स्टीव वॉ में से चयन करने पर द्रविड़ ने स्टीव वॉ को चुना। इसके बाद जब विराट कोहली का नाम सामने आया तो उन्होंने स्टीव वॉ के ऊपर कोहली को रखा।
विराट कोहली और इमरान खान के बीच चयन की बारी आने पर राहुल द्रविड़ ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान को चुना। द्रविड़ ने कहा, "मुझे लगता है जो उन्होंने किया, इमरान खान।"
इमरान खान ने पाकिस्तान के लिए 187 मैचों में कप्तानी की है। क्रिकेट के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी बने। अभी वह जेल में हैं।
इसके बाद इमरान खान और एमएस धोनी में से किसी एक को चुनने की बारी आई तो राहुल द्रविड़ ने धोनी को चुना। धोनी भारत को वर्ल्ड कप और टी20 वर्ल्ड कप जिता चुके कप्तान हैं। इस तरह द्रविड़ के चयन में विराट कोहली के ऊपर इमरान खान और इमरान खान के ऊपर एमएस धोनी रहे।