अमेरिकी थिंक टैंक रिपोर्ट के बीच तेहरान परेड में ईरान की फतह मिसाइल से नई क्षमताओं पर चर्चा तेज हुई।

ईरान अपनी बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को और घातक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। नई मिसाइलों के ऐसे संस्करण विकसित किए जा रहे हैं, जो दुश्मन के ठिकानों पर हमले की क्षमता बढ़ाने के साथ ही एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम हो सकते हैं। हालांकि, ईरान इन मिसाइलों का बड़े पैमाने पर उत्पादन करने की स्थिति में है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अमेरिका के दो थिंक टैंकों ने मंगलवार को जारी अपनी संयुक्त रिपोर्ट में यह दावा किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने पहले से मौजूद कई बैलिस्टिक मिसाइलों के अलग-अलग हिस्सों को मिलाकर हाइब्रिड संस्करण विकसित किए हैं। यह रिपोर्ट इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर (ISW) और अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट के क्रिटिकल थ्रेट्स प्रोजेक्ट (CTP) ने संयुक्त रूप से तैयार की है।

इन नए मिसाइल संस्करणों में इस्तेमाल की गई कई मिसाइलों का ईरान पहले ही इजरायल और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों के दौरान इस्तेमाल कर चुका है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से हाल ही में जारी किए गए भूमिगत मिसाइल ठिकानों के वीडियो फुटेज से संकेत मिलता है कि ईरान इन नए संस्करणों का निर्माण जारी रखे हुए है।

6 नवंबर को बीबीसी की रिपोर्ट में बताया गया था कि सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के मिसाइल ठिकानों के आसपास बड़े पैमाने पर निर्माण गतिविधियां दिखाई दी हैं। इसके साथ ही अमेरिकी और इजरायली हमलों में क्षतिग्रस्त हुए सैन्य प्रतिष्ठानों का भी पुनर्निर्माण किया जा रहा है।

इस बीच, रूस ने भी ईरान को उन्नत गाइडेड मिसाइलों के लिए 90 लॉन्चर देने पर सहमति जताई है। फाइनेंशियल टाइम्स ने 5 नवंबर को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी थी। खास बात यह है कि यूक्रेन में अपनी सैन्य जरूरतों के बावजूद रूस ईरान के साथ सैन्य सहयोग का विस्तार कर रहा है।

क्लस्टर बमों से लैस हो सकती हैं नई मिसाइलें

दोनों अमेरिकी थिंक टैंकों की रिपोर्ट में ईरान की नई मिसाइलों के संभावित इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 23 नवंबर को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े मीडिया संस्थानों ने संकेत दिया था कि ईरान अपने नए मिसाइल संस्करणों में से एक को क्लस्टर म्यूनिशन से लैस कर सकता है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि ईरान पहले इजरायल और क्षेत्र में अमेरिकी सेनाओं के खिलाफ मिसाइल हमलों में क्लस्टर म्यूनिशन वाले वारहेड का इस्तेमाल कर चुका है। इनमें जॉर्डन स्थित मुवफ्फक सल्टी एयर बेस पर सितंबर में किया गया हमला भी शामिल है।

हालांकि, इस साल की शुरुआत में अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के मिसाइल ठिकानों और विनिर्माण संयंत्रों को व्यापक नुकसान पहुंचा था। इसके बावजूद देश के पास मौजूद बैलिस्टिक मिसाइलों के वास्तविक भंडार और बड़े पैमाने पर उत्पादन की क्षमता को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।

ब्लूमबर्ग ने 10 नवंबर को अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि व्यापक सैन्य नुकसान के बावजूद ईरान के पास कम से कम 1,700 बैलिस्टिक मिसाइलें मौजूद हैं और वह हर महीने लगभग 50 नई मिसाइलों का उत्पादन कर रहा है।

ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर अंतरराष्ट्रीय दबाव

ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दबाव बढ़ रहा है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने 16 नवंबर को कहा था कि ईरान के साथ किसी भी समझौते में उसके परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय प्रॉक्सी समूहों को दिए जा रहे समर्थन के साथ बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम तथा होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों को भी शामिल किया जाना चाहिए।

सितंबर 2023 में तेहरान में पवित्र रक्षा सप्ताह के अवसर पर आयोजित सैन्य परेड के दौरान ईरान की फतह मिसाइलों का प्रदर्शन किया गया था। अब नए मिसाइल संस्करणों के विकास, भूमिगत सैन्य ठिकानों के निर्माण और मिसाइल उत्पादन से जुड़े दावों ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि, इन मिसाइलों के बड़े पैमाने पर उत्पादन की वास्तविक क्षमता अभी भी एक अहम सवाल बनी हुई है।