मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026: दोहा में भारत ए और पाकिस्तान शाहीन का मुकाबला
| शुरुआती जीत के बाद लय बरकरार रखने उतरेंगी दोनों टीमें; दोहा में बारिश की आशंका नहीं, लेकिन 29 डिग्री तापमान और उमस खिलाड़ियों की परीक्षा लेगी।
मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के तहत दोहा में पाकिस्तान शाहीन के खिलाफ उतरेगी भारतीय टीम।
डीपी वर्ल्ड मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित मैच को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। दोनों टीमें टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत कर चुकी हैं। ऐसे में आज मैदान पर दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
मुकाबले के दौरान दोहा का मौसम भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में अहम भूमिका निभा सकता है। रविवार को दोहा में हल्की धुंध के साथ धूप खिली रहने की उम्मीद है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक मुकाबले के दौरान बारिश की कोई आशंका नहीं है। हालांकि, दोपहर के समय गर्मी और उमस खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है। ऐसे मौसम में मैदान पर लंबे समय तक टिके रहना और अपनी शारीरिक क्षमता बनाए रखना दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए अहम होगा।
जीत के रथ पर सवार हैं दोनों टीमें
भारत ए और पाकिस्तान शाहीन दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में अपने शुरुआती मुकाबले जीतकर आ रही हैं। इस वजह से दोनों टीमों के हौसले बुलंद हैं। जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरने वाली दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला टूर्नामेंट के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहने वाला है।