बाएं से दाएं मैग्नस कार्लसन, डी गुकेश और जावोखिर सिंदारोव, 14 मैचों की विश्व शतरंज चैंपियनशिप से पहले।  

जेनेवा (स्विट्जरलैंड), 21 नवंबर। पूर्व विश्व चैंपियन गैरी कास्पारोव ने डी गुकेश को आगामी फिडे विश्व शतरंज चैम्पियनशिप में खिताब का प्रबल दावेदार बताया है। उनका मानना है कि बड़ी प्रतियोगिताओं में खेलने का अनुभव गुकेश के लिए जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ निर्णायक साबित हो सकता है। हालांकि, मैग्नस कार्लसन और कुछ अन्य दिग्गज खिलाड़ियों की राय इससे अलग है, जिससे मुकाबले को लेकर शतरंज जगत में दिलचस्पी बढ़ गई है।

कास्पारोव ने कहा कि सिंदारोव अपने खेल से मुकाबले को रोमांचक बना सकते हैं, लेकिन ऐसे बड़े टूर्नामेंट में अनुभव की अहम भूमिका होती है। गुकेश के पास बड़े मुकाबलों का पर्याप्त अनुभव है और उन्हें हराना आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘सिंदारोव खेल को रोमांचक बना सकते हैं लेकिन अनुभव महत्वपूर्ण होता है। गुकेश के पास वह है। उन्हें हराना मुश्किल है। इसलिए मैं उन्हें खिताब का दावेदार मानता हूं। मुकाबले की तैयारी में किस खिलाड़ी ने कितना समय लिया यह मायने नहीं रखता। अनुभव ही अक्सर निर्णायक साबित होता है।’’

दूसरी ओर, विश्व के दिग्गज शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने जावोखिर सिंदारोव को जीत का दावेदार माना है। नॉर्वे के इस खिलाड़ी का मानना है कि गुकेश आसानी से अपनी रणनीति नहीं बदल पाते हैं और कई बार अपनी महत्वाकांक्षा के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है।

फ्रांस के दो प्रमुख खिलाड़ियों मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और अलीरेज़ा फ़िरोजा ने दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबले को बराबरी का बताया है। वहीं, नीदरलैंड के अनीश गिरी ने सिंदारोव को प्रमुख दावेदार करार दिया है।

फिडे विश्व शतरंज चैम्पियनशिप का आयोजन 24 नवंबर से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच कुल 14 मैच खेले जाएंगे। खिताब अपने नाम करने के लिए किसी एक खिलाड़ी को 7.5 अंक हासिल करने होंगे। ऐसे में गुकेश के अनुभव और सिंदारोव की चुनौती के बीच होने वाला यह मुकाबला विश्व शतरंज जगत के लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है।