न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 87 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। रनों के अंतर से यह टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया की दूसरी सबसे बड़ी हार है। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए साल 2026 टी20 फॉर्मेट में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक ओर टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया, वहीं दूसरी ओर कई शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज किए। भारत की टी20 इंटरनेशनल में अब तक की सात सबसे बड़ी हार में से पांच इसी साल आई हैं।

टी20 इंटरनेशनल में भारत की सबसे बड़ी हार भी 2026 में ही दर्ज हुई। इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम को 125 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में मिली 87 रन की हार इस सूची में दूसरे स्थान पर है।

रनों के अंतर से टीम इंडिया की सात सबसे बड़ी टी20 इंटरनेशनल हार में इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में 2026 में मिली 125 रन की हार पहले स्थान पर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में 2026 में मिली 87 रन की हार दूसरे और वेलिंगटन में 2019 में मिली 80 रन की हार तीसरे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद में 2026 में भारत को 76 रन से हार मिली थी, जबकि इंग्लैंड ने साउथेम्प्टन में 2026 में 56 रन से शिकस्त दी थी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चंडीगढ़ में 2025 में भारत 51 रन से हारा था। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ विजाग में 2026 में मिली 50 रन की हार इस सूची में सातवें स्थान पर है।

ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए। यह टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत के खिलाफ बनाए गए पांच सबसे बड़े टी20 स्कोर पर नजर डालें तो ये सभी 2026 में ही बने हैं।

इस सूची में न्यूजीलैंड का ऑकलैंड में बनाया गया 259/7 का स्कोर पहले स्थान पर है। इंग्लैंड ने साउथेम्प्टन में 257/3 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज ने रांची में 252/4 और हैदराबाद में 247/3 का स्कोर खड़ा किया था। वहीं, इंग्लैंड ने वानखेड़े में 246/7 रन बनाए थे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला 01 नवंबर (रविवार) को हेमिल्टन में खेला जाएगा। भारतीय टीम शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी थी। इसके बाद चार मुकाबलों के बाद टीम इंडिया के पास सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त मौजूद है। अब सीरीज के अंतिम मुकाबले में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर नजर रहेगी।