तस्वीर में कप्तान शुभमन गिल ऑकलैंड में न्यूजीलैंड सीरीज से पहले अभ्यास करते हुए नजर आ रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने बल्लेबाजी क्रम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि टीम इंडिया के टॉप-4 बल्लेबाजों की जगह तय है, जबकि पांचवें और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों को मैच की परिस्थितियों के अनुसार ऊपर-नीचे किया जा सकता है। वहीं, हार्दिक पांड्या की वापसी के बाद सातवें और आठवें नंबर तक बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलेगी।

टॉप-4 बल्लेबाजों की जगह तय

शुभमन गिल ने मंगलवार को ऑकलैंड में पहले वनडे से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पांचवें और छठे नंबर के लिए टीम की रणनीति लचीली रहेगी। उन्होंने कहा, "नंबर 5 और नंबर 6 के लिए हमारी रणनीति लचीली रहेगी। हमारे टॉप 4 फिक्स हैं, जो सभी दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसलिए अगर किसी बाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत पड़ी, तो अक्षर भाई जाएंगे और मैच की स्थिति के अनुसार केएल भाई भी जा सकते हैं। तो यह काफी फ्लेक्सिबल है।"

टीम के शीर्ष चार बल्लेबाजों में रोहित शर्मा और शुभमन गिल ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि विराट कोहली तीसरे और श्रेयस अय्यर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। हालांकि, श्रेयस अय्यर के फिट नहीं होने की स्थिति में रुतुराज गायकवाड़ को उनकी जगह मौका मिलेगा। इसके बाद पांचवें और छठे नंबर पर केएल राहुल और अक्षर पटेल बल्लेबाजी करेंगे। इन दोनों का क्रम मैच की परिस्थितियों के अनुसार तय किया जाएगा।

हार्दिक पांड्या की वापसी से सातवें-आठवें नंबर तक मजबूत होगा क्रम

गिल ने हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर भी अपनी रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा, "जब भी हार्दिक भाई वापस आएंगे, तो नंबर 7 और 8 की जगह भी कंफर्म हो जाएगी। वनडे वर्ल्ड कप से पहले हमारे बैटिंग ग्रुप को लेकर मैं खुश हूं। हार्दिक एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। दुनिया में बहुत कम खिलाड़ियों के पास उनके जैसी खूबियां हैं। एक गेंदबाज के तौर पर, आप खेल के अलग-अलग चरणों में उनका इस्तेमाल कर सकते हैं। वह नई और पुरानी, दोनों गेंदों से गेंदबाजी कर सकते हैं।"

इस तरह हार्दिक की वापसी के बाद भारतीय टीम को बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। गिल ने वनडे वर्ल्ड कप से पहले टीम के बल्लेबाजी समूह को लेकर संतोष जताया है।

पहले तीन वनडे में गिल करेंगे कप्तानी, आखिरी दो में श्रेयस अय्यर संभालेंगे जिम्मेदारी

इस दौरे पर शुभमन गिल पहले तीन वनडे मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। इसके बाद इस महीने के आखिर में होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी के लिए वह वनडे टीम से अलग हो जाएंगे। ऐसे में सीरीज के आखिरी दो वनडे मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पहले तीन वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड

पहले तीन वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी (केवल पहले वनडे के लिए) और आकिब नबी को शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले गिल के इस बयान से भारतीय टीम की बल्लेबाजी रणनीति और खिलाड़ियों की भूमिका स्पष्ट हो गई है। खास तौर पर टॉप-4 का निश्चित क्रम, मध्यक्रम में लचीलापन और हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर कप्तान की योजना सीरीज के लिए अहम रहेगी।