अंडर-19 एशिया कप में नेपाल के खिलाफ मुकाबले के दौरान अल अमरात मैदान पर भारतीय खिलाड़ी।

नई दिल्ली। एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने अभियान का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया। पहले ही मुकाबले में भारतीय अंडर-19 टीम ने नेपाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। अल अमराट क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में नेपाल की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 128 रनों पर सिमट गई। इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए 19.1 ओवर में 129 रनों का लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल अंडर-19 टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। अनुशासित गेंदबाजी के चलते नेपाल की पूरी पारी 42.3 ओवर में 128 रनों पर समाप्त हो गई। भारत की ओर से ईशान सूद ने 10 ओवर में महज 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं, अर्जुन राजपूत ने 5.3 ओवर में केवल 8 रन खर्च करते हुए 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। यशवीर गौद ने 2 विकेट चटकाए, जबकि मनाल चौहान और काव्या पटेल को 1-1 सफलता मिली। भारतीय गेंदबाजों के इस प्रदर्शन ने नेपाल को बड़ा स्कोर खड़ा करने का मौका नहीं दिया।

129 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। पूर्व भारतीय दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। आर्यवीर ने शुरुआत से ही नेपाल के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और तेजी से रन बटोरते हुए भारतीय टीम की जीत आसान कर दी।

दूसरे छोर पर कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने भी जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 64 गेंदों पर 54 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें 7 चौके शामिल थे। दोनों सलामी बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद 129 रनों की साझेदारी ने नेपाल की वापसी की सभी संभावनाएं खत्म कर दीं।

भारतीय टीम ने 19.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 129 रन बनाकर 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया। आर्यवीर सहवाग की विस्फोटक बल्लेबाजी, कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की नाबाद अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर भारत ने एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार विजयी शुरुआत दर्ज की।