स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति में माउंट आबू के सीआरपीएफ परिसर में आयोजित पक्षी महोत्सव का शुभारंभ।  

माउंट आबू की अरावली पहाड़ियों के बीच प्रकृति और पक्षी संरक्षण का संदेश लेकर नेशनल माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की आंतरिक सुरक्षा अकादमी के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में देशभर से पक्षी प्रेमियों, वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों, बर्ड फोटोग्राफर्स और प्रकृति प्रेमियों ने भाग लिया। यह आयोजन जाने-माने पर्यावरणविद् एवं पक्षी प्रेमी स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति में किया जा रहा है।

महोत्सव का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, उदयपुर के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) सुनील चिंद्री, पूर्व मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर तथा आंतरिक सुरक्षा अकादमी सीआरपीएफ के सहायक निदेशक एवं कमांडेंट महेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान स्वर्गीय अनिल माथुर के भाई एवं उदयपुर में निदेशक रहे इंद्रजीत माथुर अपने परिवार सहित उपस्थित रहे। वन विभाग के अधिकारियों, पर्यावरणविदों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।


महोत्सव में पक्षियों और पर्यावरण से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें अलग-अलग प्रजातियों के पक्षियों की तस्वीरों के साथ बर्ड फोटोग्राफी, पक्षियों द्वारा तैयार किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के घोंसले, वन्य जीवन पर आधारित चित्रकारी और जंगलों से प्राप्त होने वाली औषधियों को प्रदर्शित किया गया। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से दर्शकों को पक्षियों की विविधता, उनकी जीवनशैली, प्राकृतिक आवास और पर्यावरण संतुलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की जानकारी मिली।

आयोजन में माउंट आबू और उदयपुर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। विशेषज्ञों और पक्षी प्रेमियों ने विद्यार्थियों को पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनकी पहचान, रहन-सहन, भोजन और प्राकृतिक आवास के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों ने प्रदर्शनियों का अवलोकन कर पक्षियों की दुनिया को करीब से समझा। आयोजकों का उद्देश्य विद्यार्थियों में बचपन से ही प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ संरक्षण की भावना को मजबूत करना है।

प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध माउंट आबू में इस तरह के आयोजन का विशेष महत्व है। यहां का वन क्षेत्र विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों और वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। ऐसे महोत्सव पक्षियों की प्रजातियों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने और आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महोत्सव में शामिल अतिथियों और विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति में आयोजित यह आयोजन उनके पर्यावरण एवं पक्षी संरक्षण के प्रति समर्पण को याद करने के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ने का माध्यम बना। दो दिवसीय नेशनल माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल 2026 के जरिए माउंट आबू को पक्षी प्रेमियों, वैज्ञानिकों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित करने की पहल की गई है।

Tags: