उदयपुर के मान सरोवर परिसर में आस्था, भोजन और जलवायु संरक्षण सम्मेलन का दीप प्रज्वलन कर उद्घाटन करते अतिथि।  

आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए आज की पीढ़ी को अपनी सोच और निर्णयों में दूरदर्शिता लानी होगी। हमें केवल वर्तमान की जरूरतों तक सीमित न रहकर अगले सौ वर्षों को ध्यान में रखकर फैसले लेने होंगे, तभी वास्तविक बदलाव संभव है। उदयपुर मेवाड़ की महारानी निवृत्ति कुमारी ने ये विचार ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मान सरोवर परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में व्यक्त किए।

आस्था, भोजन और जलवायु संरक्षण विषय पर आयोजित इस सम्मेलन का शुभारंभ 26 नवंबर 2026 को हुआ। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान, ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस एवं यूनिसेफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य पोषण और जलवायु परिवर्तन के प्रति सामूहिक जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल समाज के निर्माण के लिए विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाना है। सम्मेलन की थीम ‘एक साथ मिलकर पोषण और जलवायु के प्रति लचीलापन विकसित करना’ रखी गई है।

महारानी निवृत्ति कुमारी ने कहा कि अब तक की सभी पीढ़ियां दूरदर्शी रही हैं और उन्होंने हमेशा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर विचार किया है। आस्था, भोजन और जलवायु संरक्षण पर केंद्रित इस कार्यशाला में भी यही सोच सबसे महत्वपूर्ण है। हमारे पूर्वजों ने कभी केवल अपने समय और अपनी जरूरतों के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने यह नहीं माना कि उनके जीवनकाल तक सब कुछ ठीक रहे और आने वाली पीढ़ियां अपना भविष्य स्वयं संभाल लें। इसके विपरीत, प्रत्येक पीढ़ी ने अगले सौ वर्षों और भविष्य की पीढ़ियों को ध्यान में रखकर निर्णय लिए।


उन्होंने कहा कि आज इसी दूरदर्शी सोच की कमी महसूस हो रही है। हमें अपने पूर्वजों से सीखना चाहिए कि जीवन में केवल अपने हितों के बारे में नहीं, बल्कि आने वाली कई पीढ़ियों के भविष्य के बारे में भी विचार करना जरूरी है। यदि हम अगले सौ वर्षों को ध्यान में रखकर निर्णय लेंगे, तभी वास्तविक बदलाव ला सकेंगे।

महारानी ने सम्मेलन के मंच पर सामाजिक एकता के विचारों की सराहना करते हुए मेवाड़ के इतिहास का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मेवाड़ के इतिहास में सामाजिक एकता का उदाहरण मिलता है। महाराणा प्रताप की सेना में हकीम खां सूरी सेनापति थे, जिन्होंने महाराणा प्रताप के साथ युद्ध लड़ा था।

विचार और चेतना की शुद्धता से ही संभव है पर्यावरण संरक्षण

सतना के दिव्य शक्ति अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद महाराज ने कहा कि धर्म का अर्थ स्वयं को जानना है। स्वयं को सही तरीके से समझकर सहज और सरल जीवन जीना ही धर्म है। ब्रह्माकुमारी बहनें इसी सुंदर जीवन पद्धति की शिक्षा दे रही हैं। यहां प्रतिदिन सुबह ज्ञान मुरली के माध्यम से मन के प्रदूषण को दूर करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि जब तक हमारी चेतना और विचार शुद्ध नहीं होंगे, तब तक बाहरी जलवायु परिवर्तन को रोकना संभव नहीं है। विभिन्न फाउंडेशन स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर कुछ लोग गंदगी फैलाने में लगे हैं। ऐसे में केवल अभियान चलाने से बदलाव नहीं आएगा। लोगों के विचार और व्यवहार शुद्ध होना भी जरूरी है।

पांच तत्वों का असंतुलन बन रहा जलवायु परिवर्तन का कारण

महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद महाराज ने कहा कि मानव शरीर पांच तत्वों से मिलकर बना है। प्रकृति के इन पांचों तत्वों में संतुलन रहने पर ही शरीर की प्रकृति संतुलित और स्वस्थ रहती है। आज जलवायु परिवर्तन गंभीर समस्या बन चुका है, लेकिन सामूहिक प्रयासों से इस स्थिति को संभाला जा सकता है।

उन्होंने कहा कि धरती पर पृथ्वी तत्व का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। जल तत्व के असंतुलन के कारण बाढ़ जैसी आपदाएं सामने आ रही हैं। पांचों तत्वों के असंतुलन से ही जलवायु परिवर्तन की समस्या पैदा हो रही है। सभी को सुख चाहिए, लेकिन कोई बदलाव नहीं करना चाहता। विज्ञान के साधन सुख-सुविधाओं के लिए हैं, लेकिन यही स्थिति बनी रही तो विज्ञान विनाश का कारण भी बन सकता है।

उन्होंने बताया कि भारत में 13 अखाड़े हैं और चार करोड़ सन्यासी हैं। यदि सभी का सहयोग मिल जाए तो भारत स्वर्ग बन सकता है। बीमारियों के बढ़ने का कारण भी प्रकृति का असंतुलन है।

ओम शांति के मंत्र से दुनिया में स्थापित हो सकती है शांति

वाराणसी के बिस्मिल्लाह खान साहब फाउंडेशन के संस्थापक मौलाना सैयद अब्बास मुर्तजा शम्सी ने कहा कि पूरी दुनिया में यदि ईश्वर और अल्लाह ने अपने रहने के लिए कोई स्थान बनाया है तो वह हिंदुस्तान ही हो सकता है, दूसरा कोई मुल्क नहीं। पूरी दुनिया शांति की तलाश में है, लेकिन लोगों को शांति नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मा बाबा धन्य हैं, जिन्होंने ओम शांति का मंत्र दिया। यही वह मंत्र है, जिसके माध्यम से दुनिया में शांति स्थापित हो सकती है। यहां आने पर ऐसा लगा कि प्रत्येक ब्रह्माकुमारी देवी और ब्रह्माकुमार देवता के समान हैं। उन्होंने कहा कि आज सबसे अधिक आवश्यकता लड़के और लड़कियों को समान अधिकार और समान परवरिश देने की है। समाज से लड़के-लड़कियों के बीच भेदभाव समाप्त करना होगा।

दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का शुभारंभ, राजयोग से कराई शांति की अनुभूति

सम्मेलन का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र की शुरुआत हांगकांग के दिव्य कलाकार हैरी एवं आयाको की स्वागत गीत प्रस्तुति से हुई। इसके बाद राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से उपस्थित लोगों को गहन शांति की अनुभूति कराई गई।

कार्यक्रम का संचालन ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस की निदेशक एवं ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन की वरिष्ठ योगाचार्या गंगा नंदिनी ने किया। गॉडलीवुड स्टूडियो की प्रोडक्शन हेड बीके शिखा बहन ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सभी अतिथियों ने तपोवन परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अतिथियों ने ज्ञान सरोवर में संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी सुदेश दीदी से भी मुलाकात की और राजयोग ध्यान पर चर्चा की।

यूनिसेफ और ब्रह्माकुमारीज़ के प्रतिनिधियों ने रखे विचार

यूनिसेफ इंडिया की सोशल एंड बिहेवियर चेंज विशेषज्ञ शालिनी प्रसाद ने कहा कि देश में पोलियो उन्मूलन को लेकर व्यापक कार्य किया गया है। यूनिसेफ का प्रयास रहा है कि सभी धर्मों के लोगों को आपस में जोड़ा जाए। समाज में आस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी धर्मों की अपनी-अपनी मान्यताएं हैं। जिस तेजी से समय बदल रहा है, उसी के अनुरूप हमें भी बदलना होगा। सरकार की योजनाओं और अभियानों की जानकारी लोगों तक पहुंचाकर उनका जीवन स्तर बदलने का प्रयास किया जा रहा है।

ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के महिला प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका राजयोगिनी डॉ. बीके सविता दीदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर केवल चर्चा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान कई वर्षों से इस दिशा में काम कर रहा है। संस्थान में सौर ऊर्जा से भोजन तैयार किया जाता है तथा कचरे से बिजली और खाद बनाई जाती है। अन्न को शुद्ध करने और मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए किसानों को जैविक-यौगिक खेती पद्धति का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

असम के पादरी रेवरेंड सैलेन इस्वरी ने कहा कि सम्मेलन में शामिल होकर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। पर्यावरण आज गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना होगा।

शांति दूत एवं ग्लोबल इनिशिएटिव फॉर पीस एंड वेलबीइंग के संस्थापक बीके डॉ. बिन्नी सरीन ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1937 में ब्रह्मा बाबा ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की स्थापना की थी। वर्ष 1950 से माउंट आबू के माध्यम से देश-विदेश में संस्थान की सेवाओं की शुरुआत हुई। वर्तमान में संस्थान विश्व के 140 देशों में राजयोग मेडिटेशन का संदेश पहुंचा रहा है।

सम्मेलन में विभिन्न धर्मों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पोषण, आस्था, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर विचार साझा किए। वक्ताओं ने आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए व्यक्तिगत चेतना की शुद्धता, सामाजिक एकता और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। दो दिवसीय आयोजन के माध्यम से सामूहिक जागरूकता और साझा प्रयासों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Tags: