ब्रह्माकुमारीज़ का बड़ा संकल्प, देशभर में 10 करोड़ लोगों को दिलाएगी नशामुक्ति प्रतिज्ञा
आबूरोड में प्रधानमंत्री मोदी ने नशामुक्त युवा अभियान का शुभारंभ किया, ब्रह्माकुमारीज़ ने 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति प्रतिज्ञा दिलाने का संकल्प लिया।
तस्वीर में आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय के डायमंड हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वक्ता को संबोधित करते हुए और बैठे हुए गणमान्य लोग दिखाई दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का वर्चुअली शुभारंभ किया। आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारीज़ मुख्यालय शांतिवन के डायमंड हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इसी अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की ओर से देशभर में चलाए जाने वाले दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान की शुरुआत भी की गई।
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान अपने देशभर में स्थित छह हजार सेवाकेंद्र और 50 हजार पाठशालाओं के माध्यम से इस अभियान को संचालित करेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सभी आध्यात्मिक संगठनों से नशे के खिलाफ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संगठन एक सप्ताह पूरे देश में नेतृत्व करे और अन्य संगठन उसके साथ जुड़ें। यदि सौ सप्ताह तक देश के संगठन मिलकर कार्य करेंगे तो बहुत बड़ा बदलाव आ सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 125 आध्यात्मिक संगठन इस अभियान से जुड़ चुके हैं और आने वाले 100 सप्ताह तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हजारों स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी ऑनलाइन इस अभियान से जुड़े हैं। देश के अलग-अलग क्षेत्रों और संस्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा एक साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प अभियान के लिए जरूरी है कि देश का युवा तन-मन से स्वस्थ और आत्मविश्वास से भरपूर हो। युवाओं को नशे और ड्रग्स के खतरों को समझते हुए हर प्रकार के नशे से जागरूक रहना और दूर रहना होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लाखों युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली है और उन्होंने अपने स्कूल, समाज तथा प्रत्येक व्यक्ति तक इस संदेश को पहुंचाने का संकल्प लिया है। इस दौरान युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
शांतिवन के डायमंड हॉल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पंचायती राज, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। हमें आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाना है। उन्होंने कहा कि आज के युग में आध्यात्मिकता की जरूरत है, जिससे युवाओं को जीवन में सही दिशा दी जा सकती है। हमें पूरे हिंदुस्तान को नशामुक्त करने का संकल्प लेना है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान की भारत सहित पूरे विश्व में शाखाएं हैं, ऐसे में नशामुक्ति के संकल्प को साकार करने में संस्थान अपना अमूल्य योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के महासचिव बीके करुणा भाई ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए नशामुक्त युवा जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इस अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं और ब्रह्माकुमारीज़ दस करोड़ लोगों से नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराने का अभियान चला रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान इस लक्ष्य को पूरा करेगा।
अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए लक्ष्य को सभी मिलकर पूरा करेंगे। सौ सप्ताह में अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के प्रति जागरूक कर इसे दूर भगाने का प्रयास किया जाएगा और भारत को नशामुक्त भारत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके सुदेश दीदी ने कहा कि जहां निश्चय होता है, वहां सफलता निश्चित होती है। उन्होंने कहा कि भारत भूमि देवी-देवताओं की भूमि है और भारत ही सर्वोत्तम तीर्थ स्थान है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भारत फिर से सोने की चिड़िया बनेगा तथा आज युवाओं को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है।
मेडिकल विंग के सचिव डॉ. बनारसी लाल ने बताया कि संस्थान की ओर से देशभर में विशेष रूप से 2 अगस्त से 20 अगस्त तक नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराने का संकल्प रखा गया है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षा प्रभाग की मुख्यालय संयोजिका बीके शिविका बहन ने किया। इस अवसर पर सांसद लुंबाराम चौधरी, भाजपा नेता सुरेश कोठारी, मंडल अध्यक्ष दशरथसिंह, बाबूभाई पटेल, सतीश सेठी सहित संस्थान के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और बीके सदस्यों ने नशामुक्त भारत अभियान को गति देने का संकल्प लिया।