देलवाड़ा जैन मंदिर में आचार्य हेमवल्लभ सूरीश्वर महाराज का भव्य चातुर्मास प्रवेश, श्रद्धालुओं ने किया ऐतिहासिक स्वागत

माउंट आबू के देलवाड़ा जैन मंदिर में आचार्य हेमवल्लभ सूरीश्वर महाराज का भव्य चातुर्मास प्रवेश हुआ। श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मांगलिक आयोजन विशेष आकर्षण रहा।

Update: 2026-07-28 14:39 GMT

तस्वीर में सिरोही के देलवाड़ा जैन मंदिर उपाश्रय में श्वेत वस्त्र धारण किए जैन आचार्य फर्श पर विराजमान हैं, जबकि उनके समीप अन्य श्रद्धालु खड़े दिखाई दे रहे हैं।

प्रसिद्ध जैन श्वेतांबर देलवाड़ा मंदिर में मंगलवार प्रातःकाल नेम के हेम तपो गगन चन्द्रमा परम पूज्य आचार्य हेमवल्लभ सूरीश्वर महाराज साहेब का भव्य चातुर्मास प्रवेश हर्षोल्लास और शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

आचार्य श्री के मंदिर आगमन पर मुख्य प्रवेश द्वार पर सेठ कल्याण परमानन्द जी ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज कुमार गांधी, सचिव पारस मल सिगीं, ट्रस्टी कुमार सेठ, राजीव सोलंकी, अनुभव सिगीं, मुख्य टीलायत परिवार के कमलेश चौधरी एवं दिलीप वहीत्रा, मंदिर प्रबंधक गोरधनसिंह तथा बड़ी संख्या में उपस्थित जैन श्रावकों ने मंत्रोच्चार और शास्त्रोक्त विधि-विधान के साथ उनका भावभीना स्वागत किया।

मांगलिक अवसर पर श्री कमलेश चौधरी ने सुमधुर सुरों में मंगल गीतों की प्रस्तुति दी। मंगल गीतों की गूंज और जयकारों के बीच आचार्य भगवंत को पूरे सम्मान के साथ मंदिर परिसर स्थित उपाश्रय में प्रवेश कराया गया, जहां उनसे आसन ग्रहण करने का विनम्र निवेदन किया गया।

देलवाड़ा जैन तीर्थ पर जैन धर्म के किसी भी शीर्षस्थ आचार्य भगवंत द्वारा कई वर्षों के बाद इस वर्ष चातुर्मास करने की प्रार्थना स्वीकार किए जाने पर ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज गांधी ने सकल श्री संघ सिरोही की ओर से आचार्य श्री हेमवल्लभ सूरी जी महाराज के प्रति अंतःकरण से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री गांधी ने आचार्य श्री को कांबली अर्पित कर कोटि-कोटि वंदन किया।

चातुर्मास प्रवेश के दौरान बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे। आचार्य महाराजश्री ने सामूहिक मांगलिक कर सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया तथा इस पावन तीर्थ के उत्थान और विकास के लिए सभी से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Tags:    

Similar News