विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ और नेतृत्व क्षमता से जोड़ने की दिशा में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27 के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत केंद्र की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सवाई माधोपुर जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिता नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसमें 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पूर्व संस्करणों में राष्ट्रीय स्तर के यूथ पार्लियामेंट चरण के फाइनलिस्ट रहे प्रतिभागी इस वर्ष आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पात्र नहीं होंगे। आवेदन के साथ कक्षा 10 का पासिंग सर्टिफिकेट और आधार कार्ड की प्रति जमा करना अनिवार्य है।

इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध मेगा इवेंट टैब के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय जिला सवाई माधोपुर का चयन कर विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए पंजीकरण करना होगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” पर तीन मिनट में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। इसके बाद राज्य स्तर पर शीर्ष तीन प्रतिभागियों को राष्ट्रीय चरण के लिए चुना जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम में सवाई माधोपुर जिले की रेणुका जांगिड़ ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व किया था। इस वर्ष भी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय चरण का आयोजन 9 एवं 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में निर्धारित है। इसके बाद चयनित प्रतिभागी 11 एवं 12 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में भाग लेंगे।

पंजीकरण प्रक्रिया या कार्यक्रम से संबंधित किसी भी अन्य सहायता के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14472 अथवा 1800-212-2729 पर संपर्क कर सकते हैं। विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026-27 के माध्यम से युवाओं को “एक राष्ट्र, एक चुनाव” जैसे नीतिगत विषय पर अपने विचार रखने और लोकतांत्रिक विमर्श में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

Tags: