नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर सोमवार को नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के सभागार में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुआ। इसमें प्रदेश के साथ सवाई माधोपुर जिले के संबंधित अधिकारी जिला कलेक्ट्रेट सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जुड़े।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जिले के अधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिलेवार चुनाव तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों से निर्वाचन कार्य में सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी लेकर उनका समाधान किया। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

आयुक्त ने मतदाता सूचियों में संशोधन एवं अद्यतन की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं तथा संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित हों। दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद मतदाताओं को मतदान के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

चुनाव तैयारियों में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरतने वाले जिलों एवं अधिकारियों के प्रति राज्य निर्वाचन आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में चुनाव संबंधी कार्य पूरे करें और आयोग के निर्देशों की पूरी तरह पालना सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन, मतदान और मतगणना सहित निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों तथा उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने चुनाव से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Tags: