तेरापंथ युवक परिषद आदर्श नगर को मिला राष्ट्रीय पदाधिकारियों का मार्गदर्शन, नए आयामों पर जोर
सवाई माधोपुर के आदर्श नगर में तेरापंथ युवक परिषद को राष्ट्रीय पदाधिकारियों का मार्गदर्शन मिला। नए आयामों, सम्यक दर्शन परीक्षा, रक्तदान-नेत्रदान और तेरापंथ किशोर मंडल गठन को लेकर महत्वपूर्ण गतिविधियां हुईं।
तस्वीर में सवाई माधोपुर के आदर्श नगर स्थित तेरापंथ भवन में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की सार संभाल यात्रा के दौरान राष्ट्रीय पदाधिकारी और स्थानीय सदस्य बैनर के साथ नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर के आदर्श नगर स्थित तेरापंथ भवन में 24 अगस्त 2026 को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की बहुआयामी सार संभाल यात्रा के तहत राष्ट्रीय पदाधिकारियों का आगमन हुआ। इस दौरान परिषद की विभिन्न गतिविधियों, नवीन आयामों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर मार्गदर्शन दिया गया तथा युवाओं की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सार संभाल यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के राष्ट्रीय सहमंत्री अंकुरजी लूणिया, शाखाप्रभारी तुषारजी सुराणा और अभातेयुप सदस्य गौतमजी बरडिया का तेरापंथ भवन, आदर्श नगर में गरिमापूर्ण आगमन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के सामूहिक जप से हुई। इसके बाद तेरापंथ युवक परिषद के सदस्यों ने विजय गीत का सुमधुर संगान किया।
राष्ट्रीय सहमंत्री अंकुरजी लूणिया ने श्रावक निष्ठा पत्र का सामूहिक वाचन करवाया। परिषद अध्यक्ष भीकम जैन, सभा अध्यक्ष अनिल जैन, परिषद मंत्री धर्मचंद जैन और अक्षय जैन ने अतिथिगण का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया।
अभातेयुप सदस्य गौतमजी बरडिया ने युवक परिषद के नवीन आयामों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सम्यक दर्शन परीक्षा कार्यशाला के लिए अधिकाधिक रजिस्ट्रेशन करने की प्रेरणा दी। शाखाप्रभारी तुषारजी सुराणा ने हित युवा कित युवा, मंत्र दीक्षा, रक्षाबंधन कार्यशाला, सम्यक दर्शन परीक्षा, बारहव्रत ग्रहण, रक्तदान और नेत्रदान सहित विभिन्न नवीन आयामों में परिषद के बढ़ते चरण की जानकारी दी।
राष्ट्रीय सहमंत्री अंकुरजी लूणिया ने स्थानीय परिषद की विभिन्न आयामों में सहभागिता के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए परिषद के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर उपासक चन्द्रप्रकाशजी जैन ने युवकों को नियमित सामायिक करने तथा शनिवारिय सामूहिक सामायिक में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में आयोजित होने वाले रक्तदान कर्त्तव्यम और नेत्रदान फोर्टनाइट के बैनर का अनावरण भी किया गया। सभा अध्यक्ष अनिल जैन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
इसी अवसर पर तेरापंथ किशोर मंडल का गठन किया गया और संयम सुबोध जैन को संयोजक नियुक्त किया गया। कार्यक्रम का संयोजन परिषद अध्यक्ष भीकम जैन ने किया।
कार्यक्रम में महिला मंडल मंत्री सीमा जैन, उपासिका ललिता जैन, परिषद उपाध्यक्ष पंकज जैन, कोषाध्यक्ष तरुण जैन, संगठन मंत्री निशांत जैन, सहमंत्री सौरभ जैन, पुलकित जैन, रौनक जैन, मनोज जैन, संदीप जैन और निवर्तमान अध्यक्ष अजय जैन सहित सभा, परिषद व महिला मंडल के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।