तस्वीर में जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते दिख रहे हैं।

सवाई माधोपुर में विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत ग्रामीणों की लंबित समस्याओं और प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष जन सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले की सभी पंचायत समितियों में 19 एवं 22 से 25 सितम्बर तक प्रातः 9ः30 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होने वाले इन शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। लंबित प्रकरणों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।

शिविरों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शिविरों को वास्तविक जनसेवा तथा त्वरित राहत का माध्यम बनाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि जिन प्रकरणों में दस्तावेज, रिकॉर्ड, निरीक्षण अथवा अन्य प्रक्रियात्मक कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें शिविर से पहले प्री-कैम्प गतिविधियों के माध्यम से पूरा किया जाए। शिविर में संबंधित विभागों की शिकायतों का मौके पर समाधान किया जाए। अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों को पृथक रजिस्टर में दर्ज कर निर्धारित समय में कार्रवाई के लिए भेजने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।

शिविरों में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, राजीविका, वन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, ऊर्जा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, श्रम, जल संसाधन, परिवहन, सहकारिता, शिक्षा, आयुर्वेद, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल, सार्वजनिक निर्माण सहित 20 से अधिक विभागों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की लंबित किश्तों, स्वच्छता परिसरों, सोख्ता गड्ढों, मैजिक पिट, आरआरसी केन्द्रों, डुप्लीकेट जॉब कार्ड सत्यापन तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित कार्य किए जाएंगे। राजस्व विभाग द्वारा खातों के शुद्धिकरण एवं विभाजन, रास्ता, नामांतरण, अतिक्रमण, सीमाज्ञान/पत्थरगढ़ी, प्रमाण-पत्र एवं फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रकरणों पर कार्रवाई की जाएगी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, प्रसव पूर्व जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, सिकल सेल एवं एनसीडी स्क्रीनिंग, टीकाकरण, टीबी स्क्रीनिंग, निक्षय मित्र, पोषण किट, पीएमजेएवाई कार्ड एवं यूडीआईडी कार्ड संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पशुपालन विभाग द्वारा पशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण शिविर, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना तथा लम्पी रोग जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कृषि विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण किया जाएगा।

ऊर्जा विभाग द्वारा खराब मीटर, ट्रांसफार्मर, विद्युत खंभे एवं झूलते तार, बिजली बिल, मांगपत्र, लोड तथा पीएम-सूर्यघर योजना संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। पीएचईडी एवं भू-जल विभाग द्वारा हैंडपंप मरम्मत, पेयजल गुणवत्ता, पाइपलाइन लीकेज सहित अन्य पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा एनएफएसए, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एलपीजी आईडी मैपिंग से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन सत्यापन, पालनहार, यूडीआईडी कार्ड, कृत्रिम अंग/उपकरण वितरण एवं मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से जुड़े प्रकरणों पर कार्रवाई होगी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ो प्रोत्साहन, महिला संबल, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान, महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, शिक्षा सेतु एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने पंचायत समिति क्षेत्र में आयोजित शिविर में पहुंचकर पात्रतानुसार योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लें। ग्रामीणों से लंबित प्रकरणों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने को कहा गया है। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर रहेगा।

Tags: