सवाई माधोपुर में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए अधिकारियों की बड़ी नियुक्तियां
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज और नगर निकाय आम चुनाव 2026 की प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। तीन दिन में कार्मिकों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सवाई माधोपुर, 25 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने आदेश जारी कर पंचायतीराज, नगर निकाय आम चुनाव 2026 से संबंधित कार्य को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपादित कराने के लिए अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी, सहायक प्रभारी अधिकारी तथा प्रभारी कर्मचारी नियुक्त किया है। आदेशानुसार समस्त निर्वाचन कार्य समय पर सम्पादित करवाना सम्बन्धित प्रभारी अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। आदेशानुसार सामान्य पर्यवेक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, कानून व्यवस्था एवं स्वीकृति प्रकोष्ठ में अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह, सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ प्रभारी सहायक निदेशक लोकसेवाएं पिंकी मीना एवं अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना, मतदान दल/मतगणना दल गठन प्रकोष्ठ के उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग दीपांशु सांगवान, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, यातायात एवं वाहन व्यवस्था प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी गौरव मित्तल, डाक मत प्रकोष्ठ के उपनिदेशक महिला अधिकारिता युगल किशोर मीना, मतपत्र एवं ई.वी.एम. प्रकोष्ठ में कोषाधिकारी अस्मिता मीना, निर्वाचन भण्डार अल्पाहार प्रकोष्ठ के जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना, लेखा एवं भुगतान प्रकोष्ठ के लेखाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता, सांख्यिकी प्रकोष्ठ के उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी धर्मेन्द्र गुप्ता, मीडिया/एमसीएमसी प्रकोष्ठ के सहायक निदेशक वीर सेन, सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के संयुक्त निदेशक पंकज मीना, आदर्श आचार संहिता एवं शिकायत प्रकोष्ठ के राजस्व अपील प्राधिकारी लक्ष्मीकांत बालोत, ग्रुपिंग एवं रूट जार्च प्रकोष्ठ के तहसीलदार भू-अभिलेख नानगराम मीना, निर्वाचन व्यय लेखा प्रकोष्ठ के लेखाधिकारी जमना लाल, पर्यवेक्षण प्रकोष्ठ के उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह, वीडियोग्राफी प्रकोष्ठ के मुख्य आयोजना अधिकारी वीरेन्द्र जाट, नियंत्रण कक्ष के परियोजना निदेशक आत्मा अमर सिंह एवं पहचान पत्र प्रकोष्ठ के प्रशासनिक अधिकारी अभियोजन दीपक द्विवेदी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। इनकी सहायतार्थ सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी नियुक्त प्रभारी अधिकारी अपने-अपने प्रकोष्ठों के कार्य संचालन के लिए आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति के प्रस्ताव तीन दिवस के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से भेजना सुनिश्चित करें। प्रस्ताव तैयार करते समय यह विशेष ध्यान रखा जाए कि प्रकोष्ठों में नियुक्त किए जाने वाले कार्मिक जिला मुख्यालय अथवा उसके 15 किलोमीटर की परिधि में पदस्थापित हों। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में जिला मुख्यालय से बाहर कार्यरत कार्मिक की नियुक्ति आवश्यक हो तो संबंधित प्रभारी अधिकारी स्पष्ट कारणों सहित अपनी टिप्पणी प्रस्तुत करेंगे। ऐसे कार्मिकों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही सभी प्रकोष्ठ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन प्रारंभ कर देंगे। जबकि मतदान दल गठन एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ को तत्काल प्रभाव से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि निर्वाचन की सभी तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण की जा सकें।