सवाई माधोपुर में प्रवासन सर्वेक्षण जुलाई 2026 से, सही जानकारी दें
सवाई माधोपुर जिले में जुलाई 2026 से शुरू होने वाले राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के प्रवासन सर्वे को लेकर प्रशासन ने नागरिकों से सही जानकारी साझा करने की अपील की है।
सवाई माधोपुर, 25 जुलाई। भारत सरकार द्वारा सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े संकलित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) के 81वें दौर के अंतर्गत प्रवासन सर्वेक्षण संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सवाई माधोपुर जिले के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जुलाई 2026 से जून 2027 तक सर्वेक्षण कार्य किया जाएगा। यह सर्वेक्षण आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के अधीन जिला सांख्यिकी कार्यालय के कार्मिकों द्वारा किया जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान अधिकारी एवं कर्मचारी परिवारों एवं व्यवसायों से सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी एकत्र करेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त प्रत्येक जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण और मूल्यांकन के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण में सहयोग करें, सही जानकारी देकर नीति निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील जिला कलक्टर ने की है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरपंचों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, वेलफेयर सोसायटियों एवं व्यापारिक संगठनों से अपील की है कि वे आमजन को राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के महत्व से अवगत कराएं तथा सर्वेक्षण दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित करें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि सर्वेक्षण दल के क्षेत्र में पहुंचने पर सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास नीतियों का प्रभावी निर्माण किया जा सके।