सवाई माधोपुर में पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा, काना राम ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर दिए सख्त निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने रवानगी स्थल, स्ट्रांग रूम और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
साहूनगर स्कूल के मुख्य द्वार पर खड़े जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम और अन्य अधिकारी चुनाव निरीक्षण के दौरान।
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने मतदान दलों की रवानगी से लेकर स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा तक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को मतदान दलों के रवानगी स्थल पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहूनगर पहुंचकर निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को मतदान सामग्री के सुव्यवस्थित वितरण, वाहनों की पंक्तिबद्ध व्यवस्था तथा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पुख्ता रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने रवानगी स्थल पर प्रत्येक कुर्सी के पास टेबल लगाने को कहा, ताकि पीठासीन अधिकारी अपनी मतदान सामग्री व्यवस्थित ढंग से रख सकें। उन्होंने मतदान दलों को दिए जाने वाले बैग, मतदाता सूची की कार्यकारी प्रतियों और अन्य निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान सामग्री के वितरण एवं मिलान के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने तथा निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को पहचान पत्र जारी करने को कहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने खंडार, मलारना डूंगर, बामनवास एवं बौंली सहित संबंधित स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर हर समय गार्ड तैनात रहें और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी लगाया जाए, ताकि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मतदान दलों की रवानगी को सुचारू बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित खेल मैदान में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत समिति एवं क्षेत्रवार चिह्नित स्थानों पर वाहनों को पंक्तिबद्ध खड़ा करवाने को कहा। इसके साथ ही वाहनों की सुगम निकासी के लिए अलग-अलग मार्गों का उपयोग करने तथा रवानगी स्थल पर साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा, अधिशासी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग गोविन्द सहाय, चुनाव शाखा प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी के निरीक्षण में मतदान सामग्री वितरण, वाहनों की आवाजाही और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा सहित चुनावी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।