सवाई माधोपुर, 5 अगस्त। जिले में भारत सरकार के राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (एनएसएस) के 81वें दौर के अंतर्गत संचालित प्रवासन सर्वेक्षण को लेकर जिला कलक्टर काना राम ने जिले के नागरिकों से पूर्ण सहयोग की अपील की है। यह सर्वेक्षण जुलाई 2026 से जून 2027 तक जिले के चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि सर्वेक्षण का उद्देश्य सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं से संबंधित विश्वसनीय जानकारी एकत्रित करना है, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान सांख्यिकी कार्यालय के अधिकृत कार्मिक चयनित परिवारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। साथ ही सर्वेक्षण की पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की निजता का पूरा सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला कलक्टर ने जिले के सभी सरपंचों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों से भी अपील की कि वे आमजन को राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करें तथा सर्वेक्षण दलों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि जब सांख्यिकी विभाग के अधिकृत कार्मिक सर्वेक्षण के लिए उनके पास पहुंचें तो उन्हें सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि एकत्रित आंकड़ों के आधार पर देश में प्रभावी योजनाओं एवं जनहितकारी नीतियों का निर्माण किया जा सके।

Tags: