सवाई माधोपुर के बामनवास में नशामुक्ति कार्यक्रम के दौरान सम्मानित प्रतिभागी।

सवाई माधोपुर, 17 अक्टूबर। बामनवास स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के रावण का दहन कर नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत केंद्र की ओर से जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में अतिथि प्राचार्य मिंटू सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक बताया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर युवाओं के बीच चर्चा एवं विचार-विमर्श हुआ। प्रतिभागियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने माय भारत पर प्रेजेंटेशन दिया। नशामुक्ति और मेरा युवा भारत अभियान से संबंधित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।

युवाओं की रचनात्मक भागीदारी बढ़ाने के लिए नशामुक्ति विषय पर नारा लेखन गतिविधि आयोजित की गई। स्लोगन ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से प्रतिभागियों के विचार और संदेश एकत्र किए गए। इस गतिविधि में युवाओं को नशामुक्त भारत का संदेश प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। इसके साथ ही युवाओं ने नशे रूपी रावण का दहन किया। भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान के तहत योग के माध्यम से फिट रहने का संदेश भी दिया गया।

पड़ोस युवा संसद और नारा लेखन गतिविधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। पड़ोस युवा संसद में अभिषेक मीना ने प्रथम, पूजा मीना ने द्वितीय और अंकिता मीना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, नारा लेखन प्रतियोगिता में आशीष मीणा प्रथम, शिवानी मीणा द्वितीय और संकित मीणा तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मेरा युवा भारत केंद्र के स्वयंसेवक राजेश गुर्जर और अनुभव सैन सहित विद्यालय के मुकेश कुमार यादव, कमलेश कुमार मीना, अर्चना मिश्रा, अनुराधा चौधरी, गजानन्द मीना और प्रकाश चंद मीना सहित अनेक युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।

Tags: