गंगापुर सिटी: पंचायतीराज चुनाव के लिए बिदरख्या में स्वीप कार्यक्रम आयोजित
पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत बिदरख्या में पंचायत चौपाल के जरिए ग्रामीणों को जागरूक कर मतदान की शपथ दिलाई गई।
बिदरख्या में स्वीप चौपाल के दौरान ग्रामीणों को मतदान की शपथ दिलाई गई।
गंगापुर सिटी। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायतों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बिदरख्या में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें मतदान करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में ब्लॉक के स्वीप नोडल प्रभारी एवं पंचायत समिति गंगापुर सिटी के विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र का त्योहार है और हम सभी की मतदान करना नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पंचायत चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक करने के प्रयास की जानकारी दी।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों को मतदान जागरूकता से संबंधित संदेश भी दिए गए। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के लिए सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत विभिन्न मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक कर चुनाव में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदान प्रतिशत में वृद्धि का प्रयास किया जा रहा है।