कुण्डेरा पुलिस की कार्रवाई, अवैध बनास बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रोली जब्त चालक फरार
सवाई माधोपुर के कुण्डेरा थाना पुलिस ने अवैध बनास नदी बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रोली जब्त की। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तस्वीर में कुण्डेरा थाना क्षेत्र में जब्त किए गए लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर और ट्रोली के पास खड़े पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर। पुलिस थाना कुण्डेरा ने अवैध बनास नदी की बजरी से भरी हुई एक ट्रैक्टर-ट्रोली को जब्त किया है। कार्रवाई सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आई०पी०एस० पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर के निर्देशन में तथा श्री विजय सिंह आर०पी०एस० अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर एवं श्री राजेन्द्र मीना आर०पी०एस० वृत्ताधिकारी वृत्त शहर स०मा० के सुपरविजन में की गई।
थानाधिकारी थाना कुण्डेरा श्री दिलीप कुमार पु.नि. के नेतृत्व में श्री भीमसिंह उ.नि. प्रभारी चौकी गणेश धाम मय टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 01.08.2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जमूलखेड़ा की ओर से देहलवालजी मंदिर की तरफ एक ट्रैक्टर-ट्रोली अवैध बनास नदी की बजरी भरकर आ रही है।
सूचना मिलने पर श्री भीमसिंह उ.नि. मय पुलिस टीम के साथ बाग होटल के सामने पहुंचे। वहां जमूलखेड़ा की ओर से एक ट्रैक्टर मय ट्रोली आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्रोली को वापस घुमाकर जमूलखेड़ा की ओर ले जाने लगा और ट्रोली का प्रेशर चालू कर बजरी खाली करते हुए भागने का प्रयास किया।
इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मेरियट होटल के गेट के पास सड़क किनारे खेत की तारबंदी में जाकर फंस गया। ट्रैक्टर फंसने के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में भाग गया। पुलिस टीम ने चालक का पीछा किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रोली की जांच की तो ट्रैक्टर महिन्द्रा 575 DI XP PLUS रंग लाल बिना नम्बरी पाया गया। ट्रैक्टर का इंजन नंबर RSK2GCA0525 तथा चेसिस नंबर MBNGAALDBSRK07502 है। इसके पीछे लगी बिना नम्बरी ट्रोली में अवैध बनास नदी की बजरी भरी हुई थी।
ट्रैक्टर के टूल बॉक्स की जांच करने पर उसमें बजरी का अनुज्ञापत्र (रायल्टी रशीद) नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रोली को जब्त कर लिया और चालक/मालिक के विरुद्ध थाना कुण्डेरा में प्रकरण संख्या 137/2026 धारा 303 (3) बीएनएस व 4/21 एमएमडीआर एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम में श्री दिलीप कुमार पु.नि. थानाधिकारी थाना कुण्डेरा, श्री भीमसिंह प्रभारी चौकी गणेश धाम, श्री धनराज कानि0 964 तथा श्री सत्यवीर कानि0 133 शामिल रहे। पुलिस द्वारा अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी जा रही है।