तस्वीर में पुलिस कांस्टेबल और सफेद टवेरा गाड़ी के पास बैठे दो आरोपी दिख रहे हैं।

सवाई माधोपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रावांजना डूंगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब की 50 पेटियां, कुल 2400 पव्वे बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टैक्सी टवेरा को भी जब्त किया है। बरामद शराब की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के नेतृत्व में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश राजौरा एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत्त ग्रामीण सवाई माधोपुर श्री रामधन चौधरी के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी श्यामसुन्दर के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि सफेद रंग की टैक्सी टवेरा गाड़ी, जो बोंदली से लहसोड़ा की तरफ आ रही है, उसमें अवैध देशी शराब की पेटियां भरी हुई हैं।

सूचना पर पुलिस चौकी लहसोड़ा के सामने नाकाबंदी की गई और आने-जाने वाले वाहनों की सघनता से जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास के बताए हुलिए की टैक्सी टवेरा गाड़ी नंबर RJ25 TA 1829 बोंदली से चौकी लहसोड़ा की तरफ आती हुई नजर आई। पुलिस ने गाड़ी को पकड़कर चेक किया तो उसमें अवैध देशी शराब की कुल 50 पेटियां, यानी 2400 अवैध देशी शराब के पव्वे मिले।

गाड़ी में सवार आरोपियों से शराब के परिवहन के संबंध में लाइसेंस या वैध अनुज्ञा पत्र मांगा गया, लेकिन उनके पास कोई लाइसेंस या परमिट नहीं पाया गया। इसके बाद आरोपी चालक अशोक कुमार पुत्र दुर्गालाल, जाति बैरवा, उम्र 32 साल, निवासी प्रताप नगर खेड़दा, थाना मानटाउन तथा नारायण पुत्र सूरजमल, जाति खटीक, उम्र 44 साल, निवासी छाबड़ी चौकी आलनपुर, थाना कोतवाली को मौके पर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम ने बिना परमिट परिवहन की जा रही अवैध देशी शराब की कुल 50 पेटियां, 2400 अवैध देशी शराब के पव्वे तथा तस्करी में प्रयुक्त टवेरा गाड़ी जब्त कर ली। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा नंबर 174/2026, धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम में पंजीबद्ध कर अग्रिम अनुसंधान श्री प्रेमचन्द, सहायक उपनिरीक्षक के सुपुर्द किया गया है। मामले में आरोपियों से शराब के मुख्य सप्लायर (स्रोत) और खरीदार के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी श्री श्यामसुन्दर, उपनिरीक्षक, पुलिस थाना रावांजना डूंगर; श्री कुशल कुमार, सहायक उपनिरीक्षक, पुलिस थाना रावांजना डूंगर; श्री गजानन्द, कांस्टेबल 1163; श्री दिगम्बर, कांस्टेबल 1142; श्री अनिल कुमार, कांस्टेबल 1421; श्री बसंराम, कांस्टेबल 1167 तथा श्री शीशराम, कांस्टेबल 1388 शामिल रहे। विशेष भूमिका श्री गजानन्द कांस्टेबल 1163 की रही, जिन्होंने गिरफ्तार आरोपियों और जब्त वाहन की कार्रवाई में भूमिका निभाई।

Tags: